प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिले सहयोग व सुविधाएँ, स्मार्ट सिटी तथा ज़िला खेल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की हुई बैठक
ग्वालियर। ग्वालियर स्मार्ट सिटी परियोजना के अन्तर्गत तीन उच्च स्तरीय खेल मैदानों का विकास किया जा रहा है। ये मैदान जी आर एम सी, एम एल बी कॉलेज तथा छतरी मंडी स्थित हैं। इन तीन मैदानों में क्रिकेट, हॉकी, फ़ुट्बॉल, टेनिस, वॉली बॉल, बास्केट बॉल, खोखो, कबड्डी, सॉफ़्ट बॉल आदि खेलों का प्रशिक्षण इन खेलों से सम्बंधित एसोसिएशन द्वारा दिया जायेगा। यह बात विभिन्न खेलों से जुड़ी ज़िला खेल समितियों के साथ आयोजित बैठक में स्मार्ट सिटी सीईओ महीप तेजस्वी ने कही। इस बैठक में जी डी सी ए से रवि पाटनकर, ग्वालियर चम्बल टेनिस से अनुराग ठाकुर, फ़ुट्बॉल असोसीएशन से शिववीर भदौरिया, वॉली बॉल एसोसिएशन से हरी सिंह चौहान, जी आर एम सी से डॉ विनीत चतुर्वेदी, एम एल बी कॉलेज से प्रो महेश दुबे , छत्री मैदान से श्री शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस बैठक का उद्देश्य ग्वालियर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चयनित, प्रशिक्षित व प्रोत्साहित कर उन्हें अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करना है। ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा विकसित किये जा रहे प्लेग्राउंड उभरते हुए खिलाड़ियों के लिये सहयोगी हों यह सुनिश्चित करने के लिये सम्बंधित ज़िला खेल एसोसिएशन को जोड़ा जा रहा है। ग़ौरतलब है कि जिन मैदानों में खेलों के प्रशिक्षण व आयोजन का प्रावधान है उनमें जीआरएमसी- फ़ुट्बॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, बास्केटबॉल, खोखो तथा सिन्थेटिक ट्रैक, एम एल बी कॉलेज - क्रिकेट, फ़ुट्बॉल, वॉलीबॉल, लॉन टेनिस, छत्री मैदान - हॉकी, सॉफ़्ट्बॉल व फ़ुट्बॉल आदि शामिल हैं। श्री तेजस्वी ने इन एसोसिएशन के सचिवों को स्मार्ट सिटी द्वारा विकसित किए जा रहे खेल मैदानों पर अपने सुझाव रखने के लिए कहा है जिसका सभी असोसीएशन के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इसके अलावा खेल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ग्वालियर में उच्च स्तरीय इंडोर स्टेडीयम तथा स्पोर्ट्स हॉस्टल को स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत विकसित करने का सुझाव दिया। बैठक में सीईओ श्री महीप तेजस्वी ने सभी को जानकारी देते हुए बताया कि ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा जल्द ही इन सुझावों पर शहर में इस तरह की सुविधाएँ उपलब्ध कराने हेतु सम्बंधित अधिकारियों से चर्चा कर विचार किया जायेगा। साथ ही एम एल बी कॉलेज स्थित इंडोर स्पोर्ट्स हॉल का पुनरोद्धर करने पर भी विचार किया जायेगा ताकि बैडमिंटन, टेबल टेनिस, जूडो आदि इंडोर खेले जाने वाले खेलों को प्रोत्साहन मिल सके।
श्री महीप तेजस्वी ने बताया कि भारत में खेल के मानचित्र पर ग्वालियर को प्रमुखता से अंकित करने के उद्देश्य से ग्वालियर में इन खेलों की वार्षिक चैंपियनशिप का आयोजन स्मार्ट सिटी द्वारा किया जाएगा । उन्होंने बताया कि किसी भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी को यदि सही समय पर सही प्रशिक्षण दिया जाये तो उसकी परफॉरमेंस में निश्चित सुधार लाया जा सकता है। पंजीयन कराने वाले खिलाड़ियों की उम्र 14 वर्ष से कम रखने का सुझाव भी बैठक में रखा गया जिससे भविष्य के लिये तैयार किये जा रहे खिलाड़ियों को प्रारम्भिक दौर से ही उच्च प्रशिक्षण प्राप्त हो सके।