आंवले से निर्मित शिवलिंग की पूजा से जीव को मुक्ति मिलती है - आचार्य सत्य प्रकाश शुक्ला
ग्वालियर। तुलसी मानस प्रतिष्ठान में चल रहे 5 सितंबर से 12 सितंबर 2019 तक पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं शिव अर्चन अनुष्ठान के दौरान आज छट्वे दिवस पर आचार्य श्री सत्य प्रकाश शुक्ला जी (लल्लन जी) महाराज, अरविंद शुक्ला जी, सुनील शास्त्री जी, राम प्रकाश शुक्ला जी एवं अन्य विद्वानों द्वारा शिव महिमा की पार्थिव शिवलिंग निर्माण के रूप में उपासना का फल कैसे प्राप्त होता है और फल प्राप्त करने के लिए कौन कौन सी बस्तुओ से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया जाता है उक्ताशय की जानकारी दी गई। पार्थिव शिवलिंग रुद्राभिषेक के पूर्व उपस्थिति यजमानों को पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक की महिमा को बताते हुए कहा कि
कस्तूरी और चंदन से बने शिवलिंग के रुद्राभिषेक से शिव सायुज्य प्राप्त होता है। फूलों से बनाए गए शिवलिंग के पूजन से भू-संपत्ति प्राप्त होती है। संतान की इच्छा के लिए जौ, गेहूं, चावल तीनों का आटा समान भाग मिलाकर शिवलिंग बनाया जाता है। इसकी पूजा से स्वास्थ्य, धनश्री और संतान प्राप्ति होती है। रोग लाभ के लिए मिश्री से बनाए हुए शिवलिंग की पूजा रोग से छुटकारा देती है। सुख-शांति की प्राप्ति के लिए चीनी की चाशनी से बने शिवलिंग का पूजन होता है। बांस के अंकुर को शिवलिंग के समान काटकर पूजन करने से वंशवृद्धि होती है। दही को कपड़े में बांधकर निचोड़ देने के पश्चात उसमें जो शिवलिंग बनता है उसका पूजन लक्ष्मी और सुख प्रदान करने वाला होता है। खेती में अधिक उपज के लिए गुड़ में अन्न चिपकाकर शिवलिंग बनाकर पूजा करने से कृषि उत्पादन बढ़ोत्तरी होती है। किसी भी फल को शिवलिंग के समान रखकर उसका रुद्राभिषेक करने से बगीचे में अधिक फल उत्पादन होता है। आंवले को पीसकर बनाए गए शिवलिंग का रुद्राभिषेक मुक्ति प्रदाता होता है। रूप और सौभाग्य के लिए स्त्रियों को मक्खन को अथवा वृक्षों के पत्तों को पीसकर बनाए गए शिवलिंग का रुद्राभिषेक करना श्रेयस्कर माना गया है। दूर्वा को शिवलिंगाकार गूंथकर उसकी पूजा करने से अकाल मृत्यु का भय दूर होता है। कपूर से बने शिवलिंग का पूजन भक्ति और मुक्ति देता है। स्वर्ण निर्मित शिवलिंग का रुद्राभिषेक समृद्धि का वर्धन करता है। चांदी के शिवलिंग का रुद्राभिषेक धन-धान्य बढ़ाता है। शत्रुओं के दमन और विजय प्राप्ति के लिए लहसुनिया शिवलिंग का रुद्राभिषेक करते हैं। पीतल के शिवलिंग का रुद्राभिषेक दरिद्रता का निवारण करता है। पारे से बने शिवलिंग का पूजन सर्व कामप्रद, मोक्षप्रद, शिवस्वरूप बनाने वाला होता है। साथ ही ऐसे शिवलिंग का पूजन इन समस्त पापों का नाश कर संसार के संपूर्ण सुख एवं मोक्ष देता है। कार्यक्रम में मुख्य यजमान श्रीमती दिव्या राकेश जादौन, श्रीमती शर्मिला भूपेंद्र सिंह परिहार, श्रीमती कमलेश शिवकुमार शर्मा, श्रीमती शारदा विशंभर दयाल दुबे, श्रीमती पिंकी आलोक गुप्ता, श्रीमती प्रशा कवेश रुप्लानी, श्रीमती विदुषी महेंद्र सिंह कुशवाह, श्रीमती वसुंधरा मानवेंद्र सिकरवार, श्रीमती रंजना सत्य प्रकाश के अलावा बिहवल सेंगर, हीरालाल कुशवाह, उपेंद्र तोमर, रवि यादव, जितेंद्र जादौन, संजय प्रजापति आदि ने पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं उपासना में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्री आचार्य जी ने बताया की पार्थिव शिवलिंग निर्माण पूर्णता निशुल्क है जो भी भक्तजन इस धार्मिक आयोजन में भाग लेना चाहते हैं वह मानस भवन में सुबह 9:00 बजे संपर्क कर सकते हैं।