पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने परिवार के ताजिए पर की सेहरा बंदी, मांगी अमन की दुआएं

ग्वालियर। सिंधिया परिवार के करीब डेढ़ सदी पुराने ताजिए पर मंगलवार की रात पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सेहराबंदी की और देश- प्रदेश में अमन एवं खुशहाली की दुआएं मांगी। सिंधिया ताजिया कमेटी गोरखी, ग्वालियर के सदस्य बाल खांडे से मिली जानकारी के अनुसार, सिंधिया राजपरिवार का यह ताजिया हर साल गोरखी देवघर के समीप रखा जाता है। पहले इस ताजिए को पदमा विद्यालय में करीब सौ वर्षो तक रखा गया था। उसके बाद गोरखी स्थित सिंधिया देवघर के नजदीक पिछले 40 सालों से इस ताजिए की को रखा जा रहा है। यहां सिंधिया परिवार के मुखिया आकर सेहराबंदी करते हैं और शांति खुशहाली की दुआएं मांगते हैं। स्वर्गीय माधवराव सिंधिया प्रथम ने ताजिएदारी की शुरुआत की थी। जिसे वर्तमान पीढ़ी भी निभा रही हैं। सर्वधर्म समभाव की सोच के साथ ताजिए को रखा जाता है और यहां सभी धर्मों के लोग आकर शिरकत करते हैं। इस दौरान काजी अब्दुल हमीद कादरी सहित इंतजामियां कमेटी के लोग भी सिंधिया परिवार की सलामती की दुआएं मांगते हैं।