गणेशोत्सव का शुभारंभ, सबसे बड़ी गणेश प्रतिमा शहर में अचलेश्वर महादेव मंदिर पर स्थापित
ग्वालियर। शहर में हर्षोल्लास के साथ पूरे श्रद्धाभाव से गणेशोत्सव की शुरुआत हो गई है। इस दौरान नगर में घर घर में प्रथम पूज्य विघ्नविनाशक विराजे गए हैं। पूरे विधान के साथ उत्सव के माहौल में बीते रोज गणपति प्रतिमा की स्थापना की गई। महानगर में सबसे बड़ी प्रतिमा अचलेश्वर महादेव मंदिर पर स्थापित की गई है। 18 फिट की इस प्रतिमा के साथ रिद्धि-सिद्धि की आकर्षक प्रतिमा की स्थापना की गई है। झांसी के मूर्तिकार आंनद प्रजापति ने इस प्रतिमा को आकार दिया है। 25 दिनों में निर्मित ये प्रतिमा इको-फ्रेंडली है। सोमवार को पूरे विधि-विधान के साथ इसकी स्थापना की गई। इस अवसर पर अचलेश्वर महादेव न्यास के पदाधिकारी और श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद रहे।