हिंदू होने के नाते कहता हूं राम मंदिर बनना चाहिए - प्रह्लाद मोदी
ग्वालियर। हिन्दू होने के नाते कहता हूं राम मंदिर बनना चाहिए। ये उद्गार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई प्रह्लाद मोदी ने पत्रकारों से बातचीत में व्यक्त किये। दो दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर आये प्रह्लाद मोदी ने साहू समाज के विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की। प्रवास के अंतिम दिन शुक्रवार को श्री मोदी ने वीआईपी सर्किट हाउस मुरार में पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान श्री मोदी ने बेहद संभलकर पत्रकारों के सवालों के जबाब दिए। नरेंद्र मोदी सरकार- 2 के कामकाज के सवाल पर उन्हौने कहा कि उनसे परिवार की कोई आकांक्षा नहीं है जनता की आकांक्षा को ये सरकार बल देगी यानी पूरा करेगी। राम मंदिर निर्माण कराये जाने के सवाल पर उनका कहना है कि वे हिन्दू होने के नाते चाहते हैं मन्दिर बने। लेकिन मामला सुप्रीम कोर्ट में है और वो सर्वोच्य है, जो फैसला करेगी। अगर फैसला विपरीत आया तो दुख तो होगा,उसका आदेश मानना पड़ेगा। फिर सरकार और जनता सोचेगी। समान नागरिक सहिंता भविष्य में लागू किये जाने को लेकर उन्हौने कहा जैसे देश ने धारा 370 हटाये जाने के बाद एक झंडा, एक संविधान को स्वीकारा गया है वैसे ही अगर लागू होती है तो स्वीकार की जाएगी। आरक्षण को लेकर चल रही बयानबाज़ी पर श्री मोदी ने कहा कि इस पर सरकार और जिम्मेदार जानें, मैं जनता के साथ हूँ। साहू समाज की राजनीति में भागीदारी के सवाल पर प्रह्लाद मोदी ने कहा कि समाज शिक्षित होगा तो उसका फल मिलेगा। मेरा काम समाज को संगठित करना है। पीएम मोदी से मुलाकात के सवाल पर उन्हौने कहा कि गुजरात में जब मुख्यमंत्री थे तब तीन बार मुलाकात हुई थी, तब से लेकर अब तक उनसे कोई भाई नहीं मिला है, फोन पर जरूर बात होती है। हम उन्हें डिस्टर्ब नहीं करना चाहते, एक बार भी दिल्ली नहीं गया हूँ, बुलाएंगे तो अवश्य जाऊंगा। हम अपने भाई के हर काम से संतुष्ट हैं। पाक प्रधानमंत्री इमरान खान की धमकी पर चुटकी लेते हुए प्रह्लाद मोदी ने कहा कि पहले हम देते थे, अब वो दे रहा है यही अंतर है। राजनीति में आने के सवाल पर उन्होंने व्यंगात्मक लहजे में कहा कि एक मोदी ही काफी है, दो मोदी हो जाएंगे, तो फिर क्या होगा। देश की अर्थव्यवस्था और मंदी के दौर पर श्री मोदी ने कहा कि मैं छोटा दुकानदार हूँ इस पर क्या कह सकता हूँ। उन्होंने मोदी सरकार के 15 लाख रुपये के वादे के सवाल के जबाब में कहा कि 15 लाख की राह देखो। आखिर में उन्हौने बताया कि देश में 14 करोड़ साहू-राठौर समाज के लोग हैं। एक को चुनाव में टिकिट मिल जाता है तो दूसरा नाराज हो जाता है, उन्हें संगठित करने निकला हूँ, अगर एकजूट हो गए तो समाज को हर क्षेत्र में बल मिलेगा, यानी फायदा होगा। इस बीच राम मंदिर पर अध्यादेश लाये जाने के सवाल पर श्री मोदी एक बार पत्रकारों पर झल्ला पड़े और ऐसे किसी सवाल का जबाब देने से स्पष्ट रूप से इंकार कर दिया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान साहू समाज के प्रदेश संगठन मंत्री हुकुम चंद साहू, युवा प्रदेश अध्यक्ष दिनेश साहू तिल्लन एवं जिलाध्यक्ष भूपेंद्र साहू उपस्थित थे।