विपक्षी नेताओं के साथ रवाना हुए राहुल गांधी को श्रीनगर एयरपोर्ट पर मिलेगा रिटर्न टिकिट !

नई दिल्ली। मोदी सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाये जाने के बाद वहां के हालात जानने के लिये विपक्षी नेताओं का एक प्रतिनिधिमण्डल राहुल गांधी के साथ आज विमान से श्रीनगर रवाना हो गया। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रीनगर के एयरपोर्ट से बाहर निकलने की स्थानीय प्रशासन ने इन नेताओं को अभी तक अनुमति नहीं दी है। राहुल गांधी के साथ रवाना हुए प्रतिनिधिमंडल में विपक्ष के 12 नेता शामिल हैं। इनमें, ग़ुलाम नबी आजाद, डी राजा, शरद पवार, माजिद मेनन और मनोज झा आदि शामिल हैं। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं को श्रीनगर एयरपोर्ट से बाहर नहीं निकलने दिया जायेगा। उन्हें श्रीनगर एयरपोर्ट पर ही रिटर्न टिकिट थमा दिया जाएगा। श्रीनगर रवाना होने से पहले कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि हम श्रीनगर कानून तोड़ने नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि अगर कश्मीर में हालात सामान्य हैं तो नेताओं को घर से बाहर क्यों नहीं निकलने दिया जा रहा है। गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि हम कश्मीर जाकर सरकार की मदद करना चाहते हैं।