प्रधानमंत्री श्री मोदी, अमित शाह समेत केंद्रीय नेताओं ने दी स्व. बाबूलाल गौर को श्रद्धांजलि
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता स्व. बाबूलाल गौर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष श्री जे.पी.नड्डा ने श्रद्धांजलि अर्पित की है। केंद्रीय नेताओं ने ईश्वर से स्व. गौर की आत्मिक शांति एवं उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्व. बाबूलाल गौर जी के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया है-बाबूलाल गौर जी के निधन से गहरा दुःख हुआ। ईश्वर शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे। श्री बाबूलाल गौर ने दशकों तक जनता की सेवा की। जनसंघ के जमाने से वे पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए लगातार काम करते रहे। एक मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने प्रदेश का कायाकल्प करने के प्रयास किए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह ने कहा है- मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल गौर जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उनका पूरा जीवन प्रदेश की जनता की सेवा में समर्पित रहा। बाबूलाल गौर जी भारतीय मजदूर संघ’ के संस्थापक सदस्य थे। उन्होंने आपातकाल का पुरजोर विरोध किया जिसके लिए उन्हें 19 माह की जेल भी हुई। बाबूलाल गौर जी ने गोवा मुक्ति आन्दोलन’ में भी सक्रिय भूमिका निभाई। मध्यप्रदेश में भाजपा को सशक्त करने और जनता के हितों के लिए उनके संघर्ष सदैव याद किये जायेंगे। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को सदगति प्रदान करे। केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है- मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल ग़ौर के निधन से मुझे गहरी वेदना की अनुभूति हुई है। सरकार और संगठन में पदों पर रहे बाबूलालजी कुशल संगठक और कर्मठ प्रशासक थे। काम करने की उनकी लगन और ललक लोगों को प्रेरणा देती थी। ईश्वर उनके परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष श्री जे.पी.नड्डा ने कहा है- बाबूलाल गौर जी ’भारतीय मजदूर संघ’ के संस्थापक सदस्य रहे एवं उन्होंने ’गोवा मुक्ति आंदोलन’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जनता की सेवा एवं राष्ट्र के विकास के प्रति उनका समर्पण सदैव हम सभी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा प्रदान करता रहेगा। प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रतिनिधि के तौर पर केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि गौर साहब से एक कार्यकर्ता के नाते मेरा संपर्क रहा। वे एक सक्षम और प्रेरणादायी नेता रहे। उनसे हमेशा नित नया काम करने की मुझे प्रेरणा मिलती थी। संगठन के दायित्वों के साथ उन्होंने प्रशासनिक पदों पर रहकर सफलतम काम किया। मध्यप्रदेश के विकास में उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। श्री तोमर ने कहा कि उनके साथ मुझे काम करने का सौभाग्य मिला। उनसे सीखने का अवसर मिलता था। उनके निधन से सार्वजनिक जीवन में जो रिक्तता आयी है उसकी भरपाई असंभव है। श्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित कर गौर परिवार पर हुए वज्रपात को सहन करने की प्रभु से कामना की।