सोशल मीडिया से 'पंख' मिले रामेश्वर को, वीडियो वायरल होने के बाद खेल मंत्री ने बुलाया,अब नेशनल कोच के समक्ष टेस्ट देगा शिवपुरी का धावक रामेश्वर
भोपाल/ग्वालियर। सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल किसी के सपने सच कर सकता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जिसमें शिवपुरी जिले के एक प्रतिभावान धावक का ट्वीटर पर एक वीडियो वायरल होने के बाद उसे खेल मंत्री जीतू पटवारी ने भोपाल बुलाया है। शिवपुरी जिले में नरवर के रहने वाले धावक रामेश्वर गुर्जर का तेज गति से दौड़ने का वीडियो भोपाल में टाइम्स नाउ के ब्यूरो गोविंद सिंह गुर्जर ने अपने ट्वीटर हैंडल पर ट्वीट किया था। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और शिवराज सिंह चौहान समेत कई दिग्गज नेताओं ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। ताबड़तोड़ ढंग से ट्वीट शेयर किया गया। बताया जा रहा है मात्र 4 दिनों में वायरल वीडियो के बूते रामेश्वर को लगता है 'पंख' मिल गए हैं। पता चला है सूबे के खेल मंत्री जीतू पटवारी ने उसे भोपाल बुलाया है, ताकि रामेश्वर नेशनल कोच के समक्ष टेस्ट दे सके। आपको बता दें वायरल वीडियो में रामेश्वर नगें पैर दौड़कर मात्र 11 सैकेंड में 100 मीटर की दूरी तय करता दिखाया गया है। बहरहाल टाइम्स नाउ के ब्यूरो गोविंद सिंह गुर्जर के सकारात्मक प्रयासों का नतीजा है कि नरवर के रामेश्वर को अपना सपना सच करने का मौका मिला है। अगर हर कोई सकारात्मक सोच के साथ सोशल मीडिया का इस्तेमाल करे और उसके दुरुपयोग से बचे तो समाज में इससे भी अच्छे और सुखद परिणाम सामने आएंगे।