अटलजी निजी जीवन में बडे ही धार्मिक व्यक्ति थे - साध्वी उमा भारती
ग्वालियर। मैं आज स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेई जी को श्रद्धांजलि देने ग्वालियर आई हूं, मेरा ग्वालियर के दो महान व्यक्तित्व से सीधा संपर्क रहा है। एक मा. अटल बिहारी वाजपेयी जी, दूसरी स्व. राजमाता सिंधिया जी। अटल जी निजी जीवन में बड़े ही धार्मिक व्यक्ति थे। जब राजमाता सिंधिया ने अपने पति की स्मृति में कार्यक्रम रखा था। उस कार्यक्रम में मैं भी आई थी तो राजमाता ने मुझे अटल बिहारी वाजपेई से मिलवाया था और अटल जी ने मुझे दिल्ली अपने घर आने के लिए बोला था। जब मैं उनके घर दिल्ली गई तो उन्होंने मुझे पिता की भांति अपने हाथों से तरबूज दिया। इस तरह से अटल जी से मेरा सीधा संपर्क शुरू हुआ। उक्त बात शुक्रवार को मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी श्री उमा भारती ने भाजपा जिला कार्यालय मुखर्जी भवन में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटलबिहारी वाजपेयी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कही। साध्वी उमा भारती ने कहा कि जब मैं राजनीति में आई तो मैंने देखा कि अटल जी को कार्यकर्ताओं के निर्माण में कोई कमी नजर आती थी तो वह बहुत ही विनम्रता से कार्यकर्ताओं को बता कर उनके दोष दूर करने को कहते थे, कार्यकर्ता उनकी बात को बहुत ही सहज तरीके से अपना लेते थे। मैंने एक ऐसा समय भी देखा है जब अटल जी विपक्ष की राजनीति में बड़ी अहम भूमिका निभाते थे। जब सरकार राष्ट्र में कोई निर्णय लेती थी तो वह पूरी तरह से राष्ट्र हित में सरकार का समर्थन करते थे। वह हमेशा कहते थे कि राष्ट्र हित से बड़ी और कोई बात नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि जब नरसिम्हा राव प्रधानमंत्री थे, उस वक्त पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के लिए यूएन में एक प्रस्ताव रखा था। नरसिम्हा राव के मंत्रिमंडल में कोई ऐसा उपयुक्त मंत्री नहीं था जो पाकिस्तान के प्रस्ताव का विरोध व्यवस्थित तरीके से कर सके। नरसिम्हा राव ने किसी मंत्री को ना भेजते हुए नेता प्रतिपक्ष अटल बिहारी वाजपेयी को भेजा था। पाकिस्तान भी अचंभित रह गया कि नेता प्रतिपक्ष अटल बिहारी वाजपेयी इस प्रस्ताव का विरोध करने आ रहे हैं, ऐसे थे अटल बिहारी वाजपेयी। कोई अच्छी बात होती थी तो वह जनता के साथ खड़े हो जाते थे।
उन्होंने कहा कि मुझे याद है उस वक्त जम्मू कश्मीर जाने के लिए परमिट लगता था तो अपने देश में ही जाने के लिए परमिट व्यवस्था का विरोध डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने किया और कहा एक देश में दो निशान, दो प्रधान, नहीं चलेंगे। जब डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जम्मू कश्मीर जा रहे थे तो उनके साथ अटल बिहारी वाजपेयी जी थे। डॉ. मुखर्जी जी ने अटल जी से कहा था, आप वापस लौट जाओ और देश को बता दो मैं बिना परमिट के जम्मू कश्मीर में दाखिल हो गया हूं और अटल जी उनकी बात मान कर वापस लौट आए। दो महान व्यक्ति संघर्ष करते हुए इस दुनिया से चले गए और उनके बताए हुए मार्ग पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं अमित शाह ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटा कर उनको सच्ची श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि अटल जी की वह पंक्तियां मुझे आज भी याद आती हैं। 'हम दिन चार रहे ना रहे, मां तेरा वैभव अमर रहना चाहिए'। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अटल बिहारी वाजपेयी से कहा था कि वापस जाओ देश को बता दो मैं बिना परमिट जम्मू कश्मीर में घुस गया हूं, अटल जी उनके सहयोग के लिए जम्मू-कश्मीर उनके साथ गए थे और उसी वक्त से उभरता हुआ सितारा निकले। वह थे अटल बिहारी वाजपेयी। उन्होंने कहा कि आज ग्वालियर 3-4 वजह से विश्व में पहचाना जाता है पहला कमल सिंह का बाग, शिंदे की छावनी जहां अटल जी रहा करते थे, दूसरा राजमाता सिंधिया, तीसरा पहले जनसंघ के महापौर नारायण कृष्ण शेजवलकर, चौथा मुखर्जी भवन, जो जनसंघ का पहला कार्यालय है, इससे पहले कोई कार्यालय नहीं हुआ करता था। उन्होंने कहा कि ग्वालियर और भी महत्वपूर्ण है, बाला साहब देवरस जी की उपस्थिति में पं दीनदयाल उपाध्याय जी ने एकात्म मानववाद की पांडुलिपि भी यहीं दौलतगंज में पढ़ी थी। इसीलिए ग्वालियर भारतीय जनता पार्टी के लिए महत्वपूर्ण स्थान रखता है। उन्होंने कहा कि आज हम सब अटल बिहारी वाजपेयी जी को याद करते हैं। आज अटल बिहारी वाजपेयी अपनी काया से हमारे बीच से जरूर चले गए हैं, लेकिन उनकी वैचारिक काया मैं हम सब बढ़ते रहेंगे, पलते रहेंगे, हमारे बीच हमेशा उनके विचार जीवंत रहेंगे। मैं अटल जी के चरणों में अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं।
इस अवसर पर सभा के अंत में पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, वरिष्ठ भाजपा नेता वेदप्रकाश शर्मा, अभय चौधरी, जयसिंह कुशवाह, कमल माखीजानी, शरद गौतम, महेश उमरैया, राकेश गुप्ता, बृजेंद्र सिंह जादौन, विनती शर्मा सहित सैकडों कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।