मंत्री लाखन सिंह यादव ने SAF प्रांगण में किया ध्वजारोहण, ली परेड की सलामी, हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

ग्वालियर। 73 वां स्वाधीनता दिवस जिले में हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाई गई। पशुपालन, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास मंत्री लाखन सिंह यादव ने इस दौरान राष्ट्रध्वज फहराया। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को मुख्य समारोह कम्पू स्थित एसएएफ. ग्राउण्ड पर पशुपालन, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास मंत्री लाखन सिंह यादव के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि मंत्री श्री यादव ने प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि मंत्री लाखन सिंह यादव द्वारा ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, राष्ट्रध्वज की सलामी एवं संयुक्त परेड के निरीक्षण के पश्चात मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने शांति और सुख-समृद्धि के प्रतीक गुब्बारे भी आकाश में छोड़े। इस मौके पर हर्ष किये गए साथ ही राष्ट्रपति जी की जय के नारे लगाए गए। इसके पश्चात सुरक्षा बलों की सशस्त्र टुकड़ियाँ, एन सी सी. एवं स्काउट-गाइडस ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने परेड कमाण्डरों एवं टोली नायकों से परिचय प्राप्त किया एवं स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों व करगिल शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। समारोह में स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा देश भक्ति एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति रिमझिम बारिश के बीच दी। अंत में मुख्य अतिथि श्री यादव द्वारा परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के विजेताओं सहित जिले में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों व संस्थाओं को पुरस्कृत किया।