नगरवासियों का हाल जानने निकले अचलनाथ महाराज, जगह-जगह हुआ पालकी यात्रा का भव्य स्वागत, भक्तों संग मनाया बाबा अचलनाथ ने श्रावण महोत्सव

ग्वालियर। बाबा अचलनाथ सावन के आखिरी सोमवार को अपने भक्तों की टोली के साथ नगर भ्रमण को निकले। इस दौरान जगह-जगह बाबा अचलनाथ का गगनभेदी जयकारों के बीच पुष्प वर्षा कर भक्तों ने स्वागत-सत्कार किया। श्रावण मास के आखिरी सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अचलेश्वर महादेव न्यास द्वारा पालकी यात्रा निकाली गई। सर्वप्रथम अचलेश्वर महादेव मंदिर स्थित नटराज सभागार में पूजा-अर्चना की गई। इसके उपरांत अल्पवर्षा की मार से जूझ रहे नगरवासियों का हाल जानने बाबा अचलनाथ पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण को निकले। इस दौरान जगह-जगह भोले भक्तों ने अचलनाथ महाराज की पालकी यात्रा का पुष्प-वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। साथ ही नगर में सामान्य बारिश होने की गुहार भी लगाई। पालकी यात्रा में अचलनाथ के भक्त बम बम भोले, हर हर महादेव और भोलेनाथ सबके साथ जैसे गगनभेदी जयकारे लगाते चल रहे थे। सायं 5 बजे आरंभ हुई पालकी यात्रा राममंदिर, गिर्राज मंदिर एवं सनातन धर्म मंदिर स्थित चक्रधर महाराज के मंदिर पहुची। इस विशाल और भव्य पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में भोले भक्तों ने हिस्सा लिया। नगर भ्रमण के बाद अचलनाथ महाराज की पालकी वापस अचलेश्वर मंदिर पहुची, जहां बाबा अचलनाथ ने भक्तों के साथ श्रावण महोत्सव मनाया। बैंड-बाजे के साथ निकाली गई बाबा अचलनाथ की पालकी यात्रा में न्यास के अध्यक्ष हरिदास अग्रवाल, सचिव सोनू वाजपेयी, वैभव सिंघल, विजय कक्जू, अनिल पुनियानी, महेंद्र भड़करिया, रामनाथ अग्रवाल, नितिन मिश्रा एवं अंशू सिंघल सहित हजारों भक्त चल रहे थे।