सावन के आखिरी सोमवार को अचलनाथ के दर्शन करने उमड़ा भक्तों का सैलाब
ग्वालियर। श्रावण मास में सावन के चौथे और आखरी सोमवार को शहर के शिवालयों पर भोले भक्तों का भारी जमावड़ा देखने को मिल रहा है। शहर के प्रमुख शिवालय अचल नाथ महादेव मंदिर पर बड़ी संख्या में भोले भक्त देर रात से ही पहुंचना शुरू हो गए थे और बाबा अचल नाथ का अभिषेक कर उन्हें बेल पत्री अर्पित कर उनकी पूजा-अर्चना में लीन देखे गए। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और पुरुष सभी वर्ग के लोग कतार बद्ध होकर भगवान शिव की आराधना को आतुर थे। मंदिर परिसर के आस-पास पूजन सामग्री की खरीददारी के मद्देनजर मंदिर प्रबंधन ने व्यवस्था की है। वही पुलिस ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। महिला एवं पुरुष जवान बड़ी संख्या में तैनात हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाये रखने और श्रद्धालुओं को आवाजाही में परेशानी ना हो इसको ध्यान में रखकर पुलिस ने रुट डायवर्ट किया है। इंदरगंज चौराहे से अचलेश्वर मंदिर की ओर आने वाला रास्ता सनातन धर्म मंदिर के पास रोका गया हैं और कटोरा ताल से अचलेश्वर मंदिर की ओर आने वाला रास्ता बैरिकेड लगाकर टेलीफोन एक्सचेंज के पास रोक दिया गया है। दूसरी तरफ नगर के सभी शिवालयों पर लगभग ऐसी ही व्यवस्था है तथा ऐसे ही नजारे हैं।