पूरे श्रद्दाभाव से मनाई जा रही है ईद उल अजहा

ग्वालियर। देश समेत पूरी दुनिया में ईद उल अजहा का त्योहार सोमवार को मनाया जा रहा है। ईद के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने इस त्योहार को साझी संस्कृति का प्रतीक बताया है। वहीं, शहर में ईद पूरे श्रद्धाभाव के मनाई जा रही है। ईद से एक दिन पहले रविवार को लोगों ने जमकर खरीदारी की। इस दौरान बैंक, एटीएम और सभी बाज़ारों में लोग बड़ी संख्या में देखे गए। आज सुबह शहर के सभी मस्जिदों पर निर्धारित समयानुसार नमाज अता की गई। सर्वप्रथम कम्पू ईदगाह स्थित मस्जिद में मुस्लिम धर्मालंबियों ने प्रातः 8 बजे नमाज अता की। इस मौके पर मुस्लिम समाज के सभी वर्गों के लोग मौजूद रहे। नमाज अता करने के बाद उपस्थितजन ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। नए परिधान में नमाज पढ़ने पहुचे बच्चों ने पूरे श्रद्दाभाव के साथ अपने अभिभावकों के साथ नमाज अता की। बाद में बच्चों को उनके अभिभावकों ने उपहार में ईदी दी। आपको बता दें कि इस्‍लाम धर्म में मीठी ईद के बाद बकरीद सबसे प्रमुख त्‍योहार है। बकरीद का दिन फर्ज-ए-कुर्बान का दिन होता है। इस्लाम में गरीबों और मजलूमों का खास ध्यान रखने की परंपरा है। इसी वजह से बकरीद पर भी गरीबों का विशेष ध्यान रखा जाता है। इस दिन कुर्बानी के बाद गोश्त के तीन हिस्से किए जाते हैं। इन तीनों हिस्सों में से एक हिस्सा खुद के लिए और शेष दो हिस्से समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों में बांट दिए जाते हैं। ऐसा करके मुस्लिम इस बात का पैगाम देते हैं कि अपने दिल की करीबी चीज़ भी हम दूसरों की बेहतरी के लिए अल्लाह की राह में कुर्बान कर देते हैं।