बिग ब्रेकिंग : सिंथेटिक दूध की रोकथाम के लिए HC का बड़ा आदेश ....

ग्वालियर। हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने मिलावटी दूध और इसके उत्पादों पर नकेल कसने के लिए लगाई गई याचिका में बड़ा आदेश जारी किया है। हाईकोर्ट ने कहा है कि ग्वालियर आने वाले दूध की जांच के लिए सभी पहुंच मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट बनाए जाएं। चेकिंग पॉइंट से क्लियर होने के बाद ही दूध को शहर में आने दिया जाए। इसके अलावा मिलावटी दूध की शिकायत करने वाले का नाम गोपनीय रखा जाए। दूध और उसके उत्पादों में मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट को विशेष रूप से अंकित करने के भी हाईकोर्ट ने आदेश दिए हैं। हाईकोर्ट ने कहा है कि दूध बेचने वालों के यहां 3 महीने में एक बार सैंपलिंग की जाए। दरअसल याचिकाकर्ता अधिवक्ता उमेश बोहरे ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि उत्पादन से ज्यादा दूध शहर में आ रहा है। इसका मतलब है कि बड़े पैमाने पर सिंथेटिक दूध बनाया जा रहा है। इस पर रोकथाम के लिए सरकार को निर्देश जारी किए जाए। हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ता को भी निर्देश दिए हैं कि वे मिलावटी दूध से होने वाले नुकसान के बारे में जन जागरूकता अभियान चलाएं और खासकर स्कूल कॉलेज में जाकर वहां छात्रों को इसके लिए जागरूक करें। जो भी मिलावटी दूध या उसके प्रोडक्ट का कारोबार करता मिले, उसके खिलाफ खाद्य अपमिश्रण अधिनियम 2006 के प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई की जाए।