जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाये जाने के बाद शहर में जश्न का माहौल, विस्थापित कश्मीरी ब्राह्मणों ने एक दूसरे मिठाई खिलाकर किया खुशी का इजहार

ग्वालियर। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाये जाने की खबर आते ही ग्वालियर में चहुओर जश्न का माहौल देखने को मिला। यहां देर शाम जहां स्टूडेंट्स सड़क पर उतरकर खुशियां मनाते देखे गए तो वहीं विस्थापित किये गए कश्मीरी ब्राह्मणों ने एकजूट होकर जश्न मनाया। गले मिलकर एक दूसरे को मुबारकवाद दी और एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशियां मनाई। गौरतलब है कि शहर के विभिन्न इलाकों में करीबन 60 कश्मीरी ब्राह्मण निवासरत हैं। बताते हैं कि सन 1990 इन्हें कश्मीर से भगा दिया गया था। तभी से इनका बसेरा ग्वालियर में है। ऐसी ही एक बुजुर्ग उमा सप्रू का कहना है तत्कालीन दौर बेहद बुरा था, उस दौरान उन्होंने कश्मीर में जो भुगता उसे सोचकर आज भी दिल कांप जाता है। उमा हायर सेकेंडरी स्कूल की सेवानिवृत शिक्षिका हैं। उमा बताती है उन्हें ग्वालियर बहुत प्यार मिला, लेकिन वतन की टीस आज भी उन्हें सताती है। एक अन्य कश्मीरी ब्राह्मण डॉ सीमा कौल का कहना है कि ये फैसला सिर्फ कश्मीरी ब्राह्मणों के लिए ही खुश खबर नहीं है अपितु हरेक देशवासी को खुशी देने वाला है। डॉ सीमा आगे कहती हैं कि अगर सरकार व्यवस्था करेगी तो वे वहां बसना पसंद करेंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को अगर कश्मीर में विस्थापित कश्मीरी ब्राह्मणों को बसाना है तो उनको रोजगार सहित मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करानी होंगी। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी के 56 इंच सीने वाले फैसले का असर शहर में कश्मीरी ब्राह्मणों पर ही नहीं युवाओं और छात्रों पर भी देखने को मिला। यहां सेवा नगर से एक विशाल पैदल यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। भारत माता की जय और वन्देमातरम के उदघोषों के बीच ये पैदल यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई फूलबाग स्थित रानी लक्ष्मी बाई के समाधि स्थल पहुची। इस पैदल यात्रा में युवा ढोल नगाड़ों की धून पर नाचते गाते चल रहे थे। खास बात ये रही जनता मोदी सरकार के फैसले से खुश थी तो राजनैतिक दल इस मसले पर खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे है। जाहिर सी बात है कि वोट बैंक की पॉलिटिक्स ने राजनैतिक दलों के पैर में बेड़िया डाल दी हैं और बोलती बंद कर दी है। खैर धारा 370 के खत्म होने की खुमारी जल्दी उतरती नही दिख रही है। लिहाजा जानकारों का मानना है कि आगामी 10-15 दिनों तक ये नजारे आम होंगे।