पीडीपी चीफ के सुर बदले, पीएम मोदी से की हाथ जोड़कर अपील, जम्मू-कश्मीर की खास पहचान बरकरार रखें
नई दिल्ली। पीडीपी की मुखिया महबूबा मुफ्ती कहा करती थीं कि जो कोई भी धारा 370 और 35ए से खेलने की कोशिश करेगा वो तबाही के साथ खेल खेलेगा। लेकिन जब केंद्र सरकार ने 28 हजार और सुरक्षाकर्मियों को भेजने का फैसला किया तो उनके सुर बदल गए। शुक्रवार रात उन्होंने प्रेस वार्ता कर कहा कि जम्मू-कश्मीर में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों के भेजे जाने से लोगों को लगता है कि केंद्र सरकार राज्य को मिले विशेषाथिकारों पर हमला करने जा रही है। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि वैसे तो इस्लाम में हाथ जोड़ने की मनाही है। लेकिन वो पीएम मोदी से हाथ जोड़कर अपील करती हैं कि जम्मू-कश्मीर को जो संवैधानिक आजादी मिली है उसमें वो किसी तरह की छेड़छाड़ न करें। उन्होंने कहा कि मोदी जी आप बहुत बड़ा जमनत लेकर सरकार में आए हैं। आप से अपील है कि आप हमारी खास पहचान को बरकरार रखें। जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा एडवाइजरी जारी किये जाने के बाद अफरातफरी का माहौल है। वो चाहती हैं कि सरकार कोई ऐसा काम न करे जिससे घाटी में गलत संदेश जाए। उन्होंने कहा कि वो राज्य की सभी पार्टियों के नेताओं को इस मुद्दे पर बातचीत के लिए न्यौता दे चुकी हैं। (मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर)