विश्व पत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में न्यूज़ 18 के विशेष संवाददाता शरद श्रीवास्तव सम्मानित ..

ग्वालियर। विश्व पत्र दिवस पर ग्रामीण पत्रकारिता विकास संस्थान के तत्वाधान लुप्त होती चिट्ठी परम्परा को बचाने के लिए जारी मुहीम के तहत "चिठिया हो तो हर कोई बांचे" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर कार्यक्रम के सूत्रधार न्यूज़ 18 भोपाल के विशेष संवाददाता श्री शरद श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राजनेता, साहित्यकार, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में शहर के समाजसेवी मौजूद रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री अशोक सिंह, विशिष्ट अतिथि के तौर पर भिंड विधायक श्री संजीव सिंह कुशवाह, मुख्य वक्ता राज्यसभा टीवी के संपादक श्री अरविंद कुमार सिंह, प्रख्यात शायर श्री मदन मोहन दानिश, शिवपुरी से आये वरिष्ठ पत्रकार और लेखक श्री प्रमोद भार्गव, श्री राज चड्डा और कार्यक्रम के सहयोगी एब्नेजर स्कूल के संचालक श्री अमित जैन मंचासीन रहे। जीवाजी क्लब में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की आसंदी से कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री अशोक सिंह ने कहा कि चिट्ठी हमारी भावनाओं से जुडी होती है। ग्रामीण पत्रकारिता विकास संस्थान का प्रयास सराहनीय है। इसलिए महीने में कम से कम एक चिट्ठी लिखने का जरूर प्रयास करेंगे। कार्यक्रम के अध्यक्षीय उद्बोधन में वरिष्ठ पत्रकार श्री देव श्रीमाली ने आयोजन सबंधी जानकारी देते हुए बताया कि चिट्ठी विधा को बचाने के लिए ग्रामीण पत्रकारिता विकास संस्थान का यह आठवाँ आयोजन है और इसके सूत्रधार न्यूज़ 18 के विशेष संवाददाता श्री शरद श्रीवास्तव हैं। आगे श्रीमाली ने उपस्थितजन को जानकारी देते हुए कहा कि कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर को शिरकत करना थी, लेकिन व्हिप जारी होने की वजह से उपस्थित नहीं हो सके। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भिंड विधायक श्री संजीव सिंह कुशवाह ने अपने उद्बोधन में कहा कि चिट्ठी उनके लिए गंभीर विषय है और चिट्ठी लिखना बहादुरी की बात है। क्योकि चिट्ठी बहुत सोच विचारकर लिखी जाती है। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिट्ठी लेखन को बचाने प्रयासरत न्यूज़ 18 भोपाल के विशेष संवाददाता श्री शरद श्रीवास्तव ने कहा कि तकनीक साथ कदमताल करना वक्त की जरूरत है पर ये आयोजन परंपरा को बचाये रखने का प्रयास है। इससे पहले कार्यक्रम में उपस्थित कवियों ने काव्यपाठ कर,साहित्यकार तथा पत्रकारों ने अपने संस्मरणों के जरिये चिट्ठी की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इस मौके पर स्वागत भाषण कार्यक्रम संयोजक श्री तेजपाल सिंह राठौर ने दिया। उन्होंने कहा की चिट्ठी से उनका बचपन का नाता है। क्योकि उनके पिता सेना में थे और संवाद का प्रमुख माध्यम चिट्ठी हुआ करती थी। कवि श्री राजेश अवस्थी 'लावा' ने चिट्ठी पर आधारित कविता "जैसे ही मिलता था किसी का पत्र, अविलंब उभरता था उसका चित्र-चलचित्र" का पाठ किया। वरिष्ठ पत्रकार श्री प्रदीप मांडरे ने आयोजन और उसके उद्देश्य को लेकर किये जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। युवा पत्रकार श्री शैलेन्द्र भदौरिया चिट्ठी से पुराना नाता बताते हुए भावुक हो गए। उन्होंने अपनी मां द्वारा मामा को जो की सेना में कार्यरत थे, को लिखवाई गई चिट्ठियों का जिक्र किया और उससे अपना जुड़ाव बताया। पत्रकार श्री सत्यप्रकाश शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि चिट्ठी में संस्कृति समाहित होती है। आगे उन्होंने बताया कि बीते दौर में प्रेम-पत्र का विशेष महत्त्व होता था। भाजपा नेता श्री कमल माखीजानी ने चिट्ठी को महत्त्वपूर्ण दस्तावेज बताते हुए आपातकाल के दौरान पिता की चिट्ठी से आने वाली टेलकम पाउडर की खुशबू का जिक्र करते हुए चिट्ठी के अन्य आत्मीय पहलुओं पर प्रकाश डाला। कवि श्री राजहंस सेठ ने चिट्ठी को इतिहास का प्रमाणिक स्रोत बताया और भाषा की खत्म होती मर्यादा पर चिंता जताई। कांग्रेस नेता श्री आरपी सिंह ने अपने संस्मरण सुनाते हुए कहा कि उनके पिता पैरा मिलिट्री फ़ोर्स में अधिकारी थे और एक वक्त उनसे रूबरू होने का माध्यम सिर्फ चिट्ठी ही हुआ करती थी। क्योकि उनकी तैनाती  अलग अलग स्थानों पर रही थी। एब्नेजर स्कूल के संचालक श्री अमित जैन ने कार्यकम में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा की चिट्ठी लेखन को बढ़ावा देने के लिए वे अपने स्कूल में पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन करते है। शिवपुरी से आये वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक श्री प्रमोद भार्गव ने चिट्ठी के प्राचीनतम उपयोग पर प्रकाश डाला तथा भगवान कृष्ण और रुक्मणि के बीच विवाह पूर्व किये गए पत्राचार को चिट्ठी का प्रमाणिक तथ्य बताया। अपने संबोधन में आगे श्री भार्गव ने समय और क्षेत्रानुसार चिट्ठी की तत्कालिक शैली से उपस्थितजन को अवगत कराया। इस मौके पर प्रख्यात कवि श्री मदन मोहन दानिश ने कुछ पुरानी कर्णप्रिय चिट्ठियों को पढ़कर सुनाया। जिनका शब्द चयन बेहद आत्मीय था। उन्होंने चिट्ठी के माध्यम से संवेदनाओं को पुष्पित करने जरिया बताया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वक्ता राज्यसभा टीवी के संपादक श्री अरविंद कुमार सिंह अपने संबोधन में आयोजकों से आग्रह किया कि वे कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी अतिथियों के नाम-पते एक रजिस्टर में दर्ज कर लें और भविष्य में इनसे चिट्ठी के माध्यम से ही संपर्क करें। इस दौरान दाना-पानी अभियान के संरक्षक श्री राज चड्डा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में मशीन ने इंसान को मशीन बना दिया है। विचारो में तरलता और सरलता दोनों ही गायब हो गईं हैं। चिट्ठी का रोमांच वही जानता है जो लिखता है। सर्वप्रथम कार्यक्रम के शुभारंभ में मंचासीन अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर आयोजकों द्वारा स्वागत किया गया। इसके उपरान्त न्यूज़ 18 के विशेष संवाददाता श्री शरद श्रीवास्तव को उपस्थित अतिथियों ने स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन की अतिथियों एवं उपस्थितजन ने आयोजक श्री पदम् सिंह सेंगर की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार श्री राकेश अचल ने किया और अंत में आभार श्री रविशेखर श्रीवास्तव ने व्यक्त किया।