मेडिकल बनाने के लिए रिश्वत मांगने का मामला, मंत्री सिलावट ने दिए जांच के निर्देश
ग्वालियर। जयारोग्य अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर का रिश्वत मांगते हुए वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मामले की जांच कराए जाने की बात कही है। गौरतलब है कि सोमवार रात जयारोग्य अस्पताल के कैजुअल्टी इंचार्ज डॉ. एके बोहरे का एक मिनिट बारह सैकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में डॉ बोहरे किन्हीं लड़कों से कह रहे हैं एक पाई कम नहीं होगी। वीडियो सुनकर लगता है किसी कागज पर साइन कराने को लेकर बातचीत हो रही है। बताया जा रहा है किन्ही एनसीसी के लड़कों को मेडिकल बनवाना था। इसलिए डॉक्टर के पास पहुचे थे। इस पर डॉक्टर कथित रूप से 500 रुपये रिश्वत देने की मांग कर रहा था। आज लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री तुलसी राम सिलावट ग्वालियर प्रवास पर आए हैं। पत्रकारों ने इस बारे में जब उनसे बात की तो उनका कहना है कि आप लोग ये मामला संज्ञान में लाये हैं, जांच की जाएगी।