अपेक्स बैंक के नव-नियुक्त प्रशासक अशोक सिंह का कांग्रेस कार्यालय में भव्य स्वागत, छत्री पहुचकर दी स्व. माधव राव सिंधिया को पुष्पांजलि

ग्वालियर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और अपैक्स बैंक के प्रशासक अशोक सिंह ने आज छत्री पहुचकर कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे स्व.माधव राव सिंधिया को पुष्पांजलि दी। अशोक सिंह रविवार की शाम शताब्दी एक्सप्रेस से ग्वालियर पहुंचे। यहां रेलवे स्टेशन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। श्री सिंह अपैक्स बैंक के प्रशासक बनाए जाने के बाद पहली बार गृहनगर ग्वालियर आए हैं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार श्री सिंह आज सोमवार को सुबह शिंदे की छावनी स्थित शहर जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। यहां श्री सिंह का कांग्रेसियों ने भव्य स्वागत किया। इसके उपरांत श्री सिंह कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कटोराताल रोड स्थित सिंधिया की छत्री पहुंचे और स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।