हेरिटेज के लिए ग्वालियर स्मार्ट सिटी को मिला सम्मान

ग्वालियर। शहर के हेरिटेज को लखनऊ उत्तर प्रदेश में आयोजित अर्बन इनवेशन समिट में काफी सराहा गया एवं इसके लिए ग्वालियर स्मार्ट सिटी को सम्मानित भी किया गया। अर्बन इनवेशन समिट लखनऊ में विभिन्न स्मार्ट सिटीज ने हिस्सा लिया जिनमे लखनऊ, प्रयागरज, गोरखपुर, कानपुर, अम्बिकापुर, न्यू दिल्ली म्यूनिसिपल कॉर्परेशन, और मध्य प्रदेश से ग्वालियर को बेहतरीन कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के स्टैम्प एवं सिविल एवीएशन मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता उपस्थित थे। मिनिस्ट्री आफ अर्बन डिवेलप्मेंट एवं हाउसिंग भारत सरकार के प्रमुख सचिव श्री दुर्गा शंकर मिश्रा एवं प्रमुख सचिव शहरी विकास उत्तर प्रदेश, उपस्थित रहे। ग्वालियर का चयन हेरिटेज क्षेत्र में हो रहे प्रशंसनीय कार्यों के लिए किया गया। ज्ञात हो कि कुछ दिन पूर्व ही भारत सरकार के शहरी विकास एवं आवास मंत्रालय द्वारा ग्वालियर में हो रहे हेरिटेज कार्यों का एक वीडीओ ट्वीटर पर साझा किया गया था। उल्लेखनीय है कि ग्वालियर स्मार्ट सिटी देश भर में चयनित 100 स्मार्ट सिटीज में 250 करोड़ के हेरिटेज प्रोजेक्ट्स के साथ शीर्ष चार शहरों में स्थान प्राप्त कर चुकी है। महाराष्ट्र में नासिक के अलावा देश में मात्र ऐसा शहर है। जिसमें पेन सिटी एरिया में हेरिटेज परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। महाराज बाड़े में सात ऐतिहासिक इमारतों का सौंदर्यिकरण व जीर्णोद्धार देश भर में हेरिटेज को समर्पित बड़ी परियोजनाओं में शामिल है। समिट में ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा चल रही हेरिटेज परियोजनाओं की ना सिर्फ प्रशंसा की गई अपितु बाकी शहरों को ग्वालियर में चल रहे कार्यों से प्रेरणा लेने की भी बात कही गई। ग्वालियर स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री महीप तेजस्वी ने शहर में चल रही परियोजनाओं की जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से साझा की। मोती महल स्थित कमांड कंट्रोल सेंटर, सेंट्रल लाइब्रेरी, स्काउट एंड गाइड भवन में चल रहे कार्य तथा भविष्य में नागरिकों तथा पर्यटकों के लिये इनकी उपयोगिता को उपस्थित सभी लोगों ने सराहा। श्री तेजस्वी ने बताया कि विरासत का प्रतीक रही इन इमारतों का ऐतिहासिक प्रारूप बनाए रख कर यदि आधुनिकता के साथ इनका उपयोग किया जाये तो इन भवनों का महत्व बना रहता है । ग्वालियर शहर का इतिहास स्वर्णिम है तथा ये इमारतें अपने में इतिहास संजोये हुए हैं। आने वाली पीढ़ियों को इनसे जोड़े रखना हम सभी का कर्तव्य है। इसी क्रम में स्काउट एंड गाइड भवन में निर्माणाधीन डिजिटल म्यूजीयम एक मील का पत्थर साबित होगा। इस संग्रहालय के माध्यम से ग्वालियर का इतिहास, सामाजिक परिवेश, खान पान, कला व अन्य सामाजिक सरोकार से जुड़े तथ्यों को साझा किया जायेगा। देशभर में ग्वालियर के अच्छे कार्यों की चर्चा से यहाँ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा “ब्राण्ड ग्वालियर” को मजबूती प्रदान करेगा। ऐसा सम्मान हर ग्वालियरवासी के लिए गर्व की बात है।