करगिल के 527 अमर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, अमर शहीद सरमन सिंह की पत्नी का किया गया सम्मान
ग्वालियर। करगिल विजय दिवस के गौरवमयी उपलक्ष्य में मुख्य आयोजन महाराज बाड़े पर सम्पन्न हुआ। नगर निगम ग्वालियर और करगिल शहीद सरमन सिंह खेल एवं शिक्षा प्रसार संस्था के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में करगिल शहीद सरमन सिंह की पत्नी सरोज सिंह को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत करगिल के 527 अमर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद मंचासीन अतिथियों ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमर शहीदों को शाब्दिक रूप से नमन किया। अंत में वन्देमातरम गीत का गायन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों में कर्नल जेएस तंवर, कलेक्टर अनुराग चौधरी, एसपी नवनीत भसीन, नगर निगम सभापति राकेश माहौर, पूर्व साडा अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता राकेश जादौन मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन विहवल सिंह सेंगर ने किया। इस मौके पर शहर के गणमान्य नागरिक, एनसीसी कैडेट्स एवं स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद थे।