अपनी मांगों को लेकर नर्सिंग छात्रों ने किया अर्द्धनग्न प्रदर्शन, चक्का जाम करने प्रयास रहा असफल

ग्वालियर। नर्सिंग कॉलेजों की बीच सत्र में मान्यता रद्द किए जाने के विरोध में छात्रों ने आज फूलबाग चौराहे पर अर्द्धनग्न प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान चक्का जाम करने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका।प्रदर्शकारी छात्रों ने कमलनाथ सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। गौरतलब है कि पिछले चार दिनों से नर्सिंग छात्र अपनी मांगों को लेकर लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के सामने मैदान में विशाल धरना दे रहे हैं। धरना देने वाले छात्र रविकेश शाक्य का कहना है वे अपने साथियों के साथ चार दिनों से धरने पर बैठे हैं। लेकिन शासन-प्रशासन का कोई नुमाइंदा अब तक नहीं आया है। इससे धरना दे रहे छात्रों में खासी नाराजगी है।प्रदर्शनकारियों की मांग है कि जिन कॉलेजों की मान्यता बीच सत्र में समाप्त की गई है उनके 2018 बैच के छात्र-छात्राओं की परीक्षा कराईं जाएं। रविकेश ने सरकार की नीयत पर सवाल करते हुए कहा कि बीच सत्र में सरकार द्वारा नर्सिंग कॉलेजों के लिए 100 बिस्तर का अस्पताल अनिवार्य करना और ऐसे कॉलेजों की मान्यता अचानक समाप्त कर देना, जिनमें 100 बिस्तर का अस्पताल नहीं है सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करता है। सरकार के इसी रवैये के खिलाफ नर्सिंग छात्रों ने आज फूलबाग चौराहे पर अर्द्धनग्न प्रदर्शन किया और कमलनाथ सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम करने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते सफल नहीं हो सका। प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी है अगर उनकी मांगें जल्दी ही नहीं मानी गई तो वे आंदोलन तेज कर देंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।