प्रशासन का नामी-गिरामी कंपनी की कोल्डड्रिंक्स एजेंसी पर छापा, बड़ी मात्रा में मिला एक्सपायरी डेट का माल, जब्त कर किया नष्ट
ग्वालियर। झांसी रोड क्षैत्र में जिला प्रशासन खाद्य विभाग और रेवन्यू की टीम ने संयुक्त रूप से छापामारकर एक्सपायरी डेट के करीबन 25 हज़ार बोतल शीतल पेय की बरामद की हैं, जिन्हें बाद में नष्ट कर दिया गया। बताते हैं बरामद माल में नामी-गिरामी कंपनी के शीतल पेय शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर अनुराग चौधरी को सूचना मिली थी कि झांसी रोड स्थित प्रखर एजेंसी के गोदाम में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी डेट की कोल्डड्रिंक्स का स्टॉक बाज़ार में खपाने के लिए रखा है। इसी सूचना पर एसडीएम अनिल बनवारिया के नेतृत्व में एक दविश दल मौके पर भेजा गया। जिसमें खाद्य विभाग और रेवेन्यू की टीमें शामिल थीं। एजेंसी संचालक का नाम मनोज गुप्ता बताया जा रहा है। कार्यवाही के दौरान टीम को प्रखर एजेंसी के गोदाम पर तीन अलग अलग स्थानों पर बड़ी मात्रा में एक्सपायरी डेट की कोल्डड्रिंक्स का स्टॉक मिला। इसमें नामी-गिरामी ब्रांड की कोल्डड्रिंक्स थीं, जिनकी संख्या लगभग पच्चीस हजार थी। छापामार दल ने उक्त माल जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस बारे में एसडीएम अनिल बनवारिया का कहना है कि प्रखर एजेंसी संचालक के खिलाफ फ़ूड सेफ्टी एक्ट के तहत कार्यवाही की जा रही है और कोल्डड्रिंक्स कंपनी को भी नोटिस जारी किया जाएगा।