सावन का पहला सोमवार : शहर के शिवालयों पर उमड़ी भोले भक्तों की भीड़, अचलेश्वर मंदिर पर भी रहा उत्सव जैसा माहौल
ग्वालियर। सावन के महीने में भगवान शिव की आराधना का खास महत्व है। श्रावण मास शुरू हो गया है और सावन का आज पहला सोमवार है। श्रावण मास को देखते हुए शहर के शिवालयों पर विशेष तैयारियां की गई हैं। पहले सोमवार को शहर के सभी शिवालयों पर देर रात से ही शिव भक्तों का पहुचना शुरू हो गया। सावन के महीने में सोमवार को भगवान शिव के अभिषेक का और उन्हें बेल-पत्री चढ़ाना शुभ माना गया है। इसीलिए महेश भक्त शिवालयों में उनका अभिषेक कर उन्हें बेल-पत्री अर्पित रहे हैं। खास बात ये हैं कि इनमें सभी वर्गों के लोग शामिल हैं। सावन के पहले सोमवार पर महानगर में सर्वाधिक श्रद्धालु प्रसिद्ध महादेव मंदिर अचलेश्वर महादेव पर उमड़ रहे हैं। महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्गों के अलावा दिव्यांग भी बड़ी संख्या में बाबा अचलनाथ के दर्शन को पहुच रहे हैं। बम बम भोले और हर हर महादेव के गगनभेदी जयकारों के बीच श्रद्धालु अचलनाथ की वंदना कर रहे हैं। धारणा है सावन माह के सोमवार पर जो भोले भक्त अचलनाथ का अभिषेक कर उनकी पूजा अर्चना करता है उसकी सभी मनोकामना पूरी होती हैं। श्री अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास के सचिव सोनू वाजपेयी ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर विशेष व्यवस्था की गई है। इसमें नंदी द्वार से महिलाएं तथा त्रिशूल द्वार से पुरुषों को कतारबद्ध होकर मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है। मंदिर के बाहर से दर्शन करने वाले श्रद्धालु, सेवाधारियों के सहयोग से दूध, गंगाजल, बेलपत्र एवं फूल पिंडी तक पहुंचा रहे हैं। दूर-दूर से कांवर भरकर आने वाले कांवरियों के लिए भी अलग से विशेष व्यवस्था की गई है। इस पावन अवसर पर मंदिर प्रबंधन ने बांस से बनी अगरबत्ती और दूध की थैलियों से पिंडी पर दूध चढ़ाना प्रतिबंधित किया है। श्रद्धालुओं को भभूति, कलावा एवं पंचमेवा की प्रसादी देने की व्यवस्था भी की गई है। वहीं पहले सोमवार को शहर के शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रहने के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के विशेष और कड़े इंतजाम किए हैं। अचलेश्वर मंदिर की सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहीं निरीक्षक सुश्री शैलजा गुप्ता का कहना है कि मंदिर के चारों तरफ पुलिस का पहरा है। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध होकर दर्शन कराए जा रहे हैं। भीड़ में हर व्यक्ति पर पुलिस की पैनी नजर है। अगर किसी ने हरकत की तो उसे कतई नहीं बख्शा जाएगा। पता चला है इस बात की हिदायत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अधीनस्थों को दी है। पुलिसकर्मियों के अलावा मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे से भी असमाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है। करीबन १०० से १५० पुलिसकर्मियों को सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है। हर वर्ष सावन के सोमवार पर शिव मंदिरों में काफी संख्या में लोग दर्शन करने आते हैं। किसी तरह का हंगामा न हो इसलिए अचलेश्वर मंदिर समेत शहर के अन्य शिवालय कोटेश्वर, गुप्तेश्वर सहित प्रमुख शिव मंदिरों पर रात को ही पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए थे। मंदिर के अंदर और बाहर कुछ महिला पुलिसकर्मी भी तैनात हैं। जो महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैनात की गईं हैं। वहीं यातायात व्यवस्थित बनाये रखने के लिए आज मंदिर तक वाहनों के आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। मंदिर से कुछ दूरी पर बेरीकेट्स लगाकर रास्ता रोका गया है। जिससे वाहन मंदिर तक न आ सके। केवल पैदल ही लोग इस रास्ते से गुजर सकेंगे। सावन माह के पहले सोमवार को शहर के सभी शिवालयों पर भक्तों का तांता लगा है। आलम ये है कि अचलेश्वर मंदिर समेत कोटेश्वर मंदिर, गुप्तेश्वर मंदिर, मार्कण्डेश्वर मंदिर, हजारेश्वर महादेव मंदिर, भूतेश्वर मंदिर आदि पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुच रहे हैं और शिव का अभिषेक कर पूरे भक्तिभाव के साथ दर्शन लाभ ले रहे हैं।