बधाई हो : इसरो ने लॉन्च किया चन्द्रयान-2
नई दिल्ली। भारत के चंद्रमा पर दूसरे मिशन चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण सोमवार को किया गया। चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण 22 जुलाई को दोपहर दो बजकर 43 मिनट पर किया गया। इससे पहले 15 जुलाई को तड़के दो बजकर 51 मिनट पर इसे लांच किया जाना था, लेकिन प्रक्षेपण यान में तकनीकी कमी के कारण प्रक्षेपण से एक घंटे पहले उसे टाल दिया गया था। चंद्रयान के प्रक्षेपण के लिए जीएसएलवी-एमके3 प्रक्षेपण यान का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह दुनिया का पहला मिशन है, जिसमें लैंडर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरेगा। इस मिशन के मुख्य उद्देश्यों में चंद्रमा पर पानी की मात्रा का अनुमान लगाना, वहां की जमीन, उसमें मौजूद खनिजों एवं रसायनों तथा उनके वितरण का अध्ययन करना और चंद्रमा के बाहरी वातावरण की ताप-भौतिकी गुणों का विश्लेषण है। आपको बता दें चंद्रमा पर भारत के पहले चंद्रयान-1 ने वहां पानी की मौजूदगी की पुष्टि की थी। इस मिशन में चंद्रयान-2 के साथ कुल 13 स्वदेशी पे-लोड यान वैज्ञानिक उपकरण भेजे जा रहे हैं। ( साभार : मिरर नाउ )