श्रावण मास का पहला सोमवार आज, महाकाल के दर्शन करने श्रद्धालुओं का लगा तांता

उज्जैन। श्रावण मास का पहला सोमवार होने के चलते आज सुबह से ही शिव मंदिरों में भक्तो का ताँता लगा हुआ है। उज्जैन के महाकालेश्वर मन्दिर में दर्शन करने बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का देर रात से तांता लगना शुरू हो गया है। बाबा महाकाल के दर्शन श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव के साथ कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ की अधिकता इतनी है कि बड़ी बड़ी कतारें वहां देखीं जा रहीं हैं। तडके 2.30 बजे बाबा महाकाल की भस्मारतीके साथ पूजा-अर्चना शुरू हो गई। इसके उपरांत हजारो श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ लिए। श्रावण मास भगवान भोलेनाथ का सबसे प्रिय माह माना गया है। मान्यता है की श्रावण मास में शिव की आराधना करने से सभी कष्टो से मुक्ति मिलती है। श्रावण के पहले सोमवार को यानी आज महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल की विशेष भस्मारती की गई। भस्मारती से पहले बाबा का जलाभिषेक किया गया। इसके उपरांत महा पंचामृत अभिषेक किया गया। इसमें दूध ,दही ,घी ,शहद व फलो के रस शामिल रहे। अभिषेक के बाद भांग और चन्दन से भोलेनाथ का आकर्षक श्रंगार किया गया और भगवान को वस्त्र धारण कराये गए। तत्पश्चात बाबा को भस्म चढाई गई। भस्मिभूत होने के बाद झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़े व शंखनाद के साथ बाबा की भस्मार्ती की गई। बताते हैं भोले भक्त आज के दिन का विशेष इंतजार करते हैं। इसलिए आज महाकाल के दरबार में सुबह से ही उत्साह और आनंद का माहौल है। श्रावण-भादो मास में सोमवार को बाबा महाकाल की सवारी निकाले जाने की भी परंपरा है। जिसके चलते आज शाम को बाबा की सवारी निकाली जाएगी। महाकाल मंदिर के पुजारी आशीष बताते हैं कि मान्यता है अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए सवारी के रूप में राजा महाकाल नगर भ्रमण पर निकलते हे। यहाँ बाबा की सवारी के दर्शन के लिए लाखो की संख्या में श्रद्धालु सडको के किनारे घंटो इंतजार करते हैं और महाकाल की एक झलक पा कर अपने आपको धन्य मानते हे।