नगर निगम ने कांग्रेस के धरना कार्यक्रम का पहले टेंट हटाया फिर लगाया
ग्वालियर। केंद्र सरकार के खिलाफ 20 जुलाई को होने वाले कांग्रेस के धरने के लिए लगाया गया टेंट नगर निगम ने पहले हटाकर अपने कब्जे में ले लिया। लेकिन बाद में जब आयोजन स्थल पहुचे कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताई, तो उसे दोबारा खड़ा करवा दिया गया है। वहीं शहर जिला कांग्रेस प्रवक्ता ने इस घटनाक्रम को गफलत की परिणीति बताया है।
आपको बता दें शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शहर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में केंद्र सरकार के खिलाफ एक धरना प्रदर्शन प्रस्तावित है। इसी कड़ी में आयोजन स्थल फूलबाग चौराहे पर शुक्रवार शाम एक टेंट लगाया गया। नगर निगम के क्षेत्रीय जेड ओ अशोक गुप्ता ने मदाखलत टीम के साथ आयोजन स्थल पहुचकर, टेंट हटवा दिया और नगर निगम के कब्जे में ले लिया। इसी बीच कोटेश्वर मण्डल अध्यक्ष सौरभ तिवारी अपने साथी रविन्द्र सिंह कुशवाह और शरद शर्मा के साथ आयोजन स्थल पहुच गए। उक्त नेताओं ने जेड ओ से आपत्ति जताई। किन्तु जेड ओ का कहना था कि नगर निगम कमिश्नर के निर्देश पर कार्यवाही की जा रही है, टेंट बिना अनुमति के लगाया गया है, इसलिए टेंट सामग्री जब्त कर ली गई है। मौके पर मौजूद पत्रकारों से बातचीत में भी इस आशय की जानकारी निगम अधिकारी अशोक गुप्ता ने दी। आनन-फानन में कांग्रेस नेताओ ने शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। शहर सदर ने तत्काल मोबाइल पर निगम अधिकारी से सम्पर्क कर नाराजगी जताई। इसके बाद निगम अधिकारी ने कमिश्नर को मौके से मोबाइल पर कांग्रेस के धरने से संबंधित जानकारी दी। तब जाकर कहीं मामला पटरी पर आया। ताज़ा जानकारी के अनुसार मदाखलत अमले ने दोबारा टेंट खड़ा करवा दिया है। इस बारे में जब जेड ओ अशोक गुप्ता से बात की गई और जानना चाहा दोबारा टेंट क्यो लगवाया जा रहा है। इस पर उनका कहना था गफलत में टेंट हटाया गया था, जो पुनः खड़ा करवाया जा रहा है। वहीं इस बारे में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आंनद शर्मा का कहना है कि जानकारी के आभाव में टेंट हटा दिया था, जो अब लगवा दिया गया है। बहरहाल टेंट पुनः अपने निर्धारित स्थान पर सुशोभित हो रहा है। ऐसे में सवाल ये उठता है कि किसी राजनैतिक कार्यक्रम के आयोजन से जुड़ी अनुमति सबंधी जानकारी क्षेत्रीय जेड ओ को कैसे नहीं थी।