भारत और अर्जेटीना कृषि क्षेत्र में परस्पर सहयोग को बढ़ावा देंगे - नरेन्द्र सिंह तोमर
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने आज अर्जेन्टीना गणराज्य के कृषि-उद्योग राज्य सचिव डॉ. लुइस मिगुएल एत्चेवेहेरे के साथ एक द्विपक्षीय बैठक में कृषि उत्पादों के आयात-निर्यात व दोनों देशों में सहकारी संबंधों को मजबूती प्रदान करने आदि अनेक विषयों पर चर्चा की। बैठक में सुझाव दिया गया कि फरवरी 2019 में हस्ताक्षरित कार्य योजना के तहत स्थापित परस्पर व्यापारिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के प्रयोजनार्थ गठित पशु एवं पादप स्वास्थ्य कार्यकारी उप-समूह, चिन्हित क्षेत्रों से संबंधित सहयोग में तेजी लाने में सहायक हो सकता है। केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री तोमर ने फरवरी, 2019 को अर्जेन्टीना के राष्ट्रपति की राजकीय यात्रा के दौरान भारत से अर्जेन्टीना को ग्वार और कदन्न और अर्जेन्टीना से भारत को नींबू और चिया बीजों के निर्यात के बारे में स्वच्छता और पादप स्वच्छता संबंधी मंजूरी देने पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।