पूर्व चिटफंड कारोबारी राकेश नरवरिया से चेन्नई सीबीआई टीम ने की पूछताछ

ग्वालियर। शहर में सीबीआई की कार्यवाही से आज हड़कम्प मच गया। इस कार्यवाही में चेन्नई सीबीआई टीम द्वारा पूर्व चिटफंड कारोबारी राकेश नरवरिया से पूछताछ की गई। पूछताछ की वजह को लेकर असमंजस की स्थिति है। क्योंकि पूछताछ के बाद राकेश नरवरिया ने मीडिया से चर्चा में कुछ खास नहीं उगला है और ना ही थाटीपुर स्थित चम्बल रेस्ट हाउस में मौजूद सीबीआई दफ्तर के अधिकारियों ने मीडिया को कोई आधिकारिक जानकारी दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीबीआई ने बीएसएफ की सीमा चौकियों के निर्माण का बिल मंजूर करने के एवज में कथित तौर पर रिश्वत लेने के मामले में राष्ट्रीय परियोजना निर्माण निगम के दो वरिष्ठ अधिकारियों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पता चला है इस कार्यवाही के तहत देश में पांच शहरों के 18 स्थानों पर छापे मारे गए हैं। जिनमें ग्वालियर भी शामिल है। माना जा रहा है कि पूर्व चिटफंड कारोबारी का कोई नजदीकी सीबीआई के हत्थे चढ़ा होगा, इसलिए उनसे पूछताछ की गई है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार NPCC में जिस फायनेंस कंपनी का निवेश है संभवतः राकेश उससे जुड़ा होगा और यही वजह है कि कथित रिश्वत कांड में राकेश से पूछताछ की गई हो। फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है, इंतजार है सीबीआई की अधिकृत जानकारी का, तभी राकेश नरवरिया से सीबीआई द्वारा की गई पूछताछ की मूल वजह का खुलासा हो सकेगा।