भगवान चक्रधर समेत छह मंदिरों में तीन दिन से नहीं लग रहा भोग, भक्त भोग लेकर पहुचे तो अध्यक्ष प्रेस फोटोग्राफर से उलझे, गहमा-गहमी के बीच अंततः भक्तों ने शाम को लगाया भोग

ग्वालियर। श्री सनातन धर्म मंडल में भगवान चक्रधर समेत छह मंदिरों में भोग नहीं लगाए जाने से भक्त नाराज हैं। आज जब कुछ भक्तों ने भोग लगाने का प्रयास किया तो मंदिर में मीडिया को देख मंडल अध्यक्ष भड़क गए और एक प्रेस फ़ोटो ग्राफर से धक्का-मुक्की कर दी। हालांकि बाद में अध्यक्ष ने पत्रकारों से माफी मांग ली और गुस्साए भक्तों ने करीबन ढाई घण्टे के इंतजार के बाद भगवन को भोग लगाया। यहां बता दें कि श्री सनातन धर्म मंडल में छह मन्दिर हैं। जिनमें भगवान चक्रधर के साथ गिर्राज जी, हनुमान जी, शंकर जी, माता और गणेश जी के मंदिर शामिल हैं। रविवार को भगवान चक्रधर के भक्त नारायण ब्रजवासी अपने साथी मनोज गोयल, मोहन लाल अग्रवाल एमएलए, ओमप्रकाश अग्रवाल और अशोक गर्ग के साथ भोग लगाने मंदिर पहुचे थे। व्यवसायी नारायण ब्रजवासी का आरोप है कि आज सुबह उन्हें प्रमुख समाचार पत्र स्वदेश से जानकारी मिली कि सनातन धर्म मंदिर में भोग नहीं लग रहा है। जिसके बाद वे भोग लेकर करीबन पौने तीन बजे मंदिर आये थे। हालांकि भोग का ये समय नहीं था, लेकिन उनका तर्क था अगर कोई भूखा है तो उसे किसी भी समय भोग लगाया जा सकता है। मंडल के अध्यक्ष कैलाश चंद्र मित्तल भोग लगाने को तैयार थे। लेकिन पत्रकारों को देखकर भड़क गए। इस दौरान प्रेस फोटोग्राफर राजेश जायसवाल को उन्होंने धक्का दे दिया और भोग लगाने से इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर भोग लगाने पहुचे भक्तों की अध्यक्ष श्री मित्तल से बहस हो गई। बाद में अध्यक्ष मंदिर के पट खोले बिना चले गए। क्योकि तब तक ये साफ हो गया था कि वाकई में मंदिर में भोग नहीं लगाया जा रहा है। वहीं श्री सनातन धर्म मंडल के मुट्ठीभर पदाधिकारियों ने आनन-फानन में मंदिर प्रांगण स्थित सभागार में एक बैठक आहूत की। बैठक में अध्यक्ष कैलाश चंद्र मित्तल के अलावा हरिशंकर सिंघल, सतेंद्र गुप्ता, राधा किशन खेतान, प्रदीप सिंघल, रविन्द्र सिंघल चौबे आदि उपस्थित थे। बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए श्री सनातन धर्म मंडल के अध्यक्ष कैलाश चन्द्र मित्तल ने कहा कि भोग लगाने में आ रही दिक्कतों के निदान को लेकर बैठक में चर्चा की गई है। क्योकि भोग बनाने वाली महिला कर्मचारी अनीता शर्मा काम छोड़कर चली गई थी, उसे वापस बुलाया जाएगा। आगे उन्होंने कहा कि कभी कभार हम घर में भी अव्यवस्था होने के चलते बुजुर्गों को भोजन नहीं करा पाते हैं, ऐसा हो जाता है। इस बारे में जब महिला कर्मचारी अनीता शर्मा से बात की तो उनका आरोप है कि धर्म मंत्री रसोई के काम-काज में व्यवधान पैदा करते हैं, जिससे उन्हें काम करने में परेशानी होती है। इसलिए उन्होंने रसोई बनाना बंद कर दिया है। श्री सनातन धर्म मंडल के पदाधिकारियों की मानें तो महिला कर्मचारी के काम छोड़ने के बाद भोग लगाने का जिम्मा मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित रमाकांत मिश्रा पर हैं। पता चला है कि पंडित श्री मिश्रा रविवार को शहर से बाहर गए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि रविवार को भोग किसने बनाया और किसने लगाया। जाहिर सी बात है भक्तों में भगवान को भोग नहीं लगाए जाने को लेकर खासी नाराजगी है। अंततः नाराजगी बढ़ती देख शाम पांच बजे नारायण ब्रजवासी ने अपने साथियों के साथ भोग लगाया। अफसोस की बात है उन्हें भोग लगाने के लिए लगभग ढाई घण्टे तक इंतजार करना पड़ा। ऐसे में अगर जल्दी ही सनातन धर्म मंदिर के हालात नहीं सुधरे तो लोगों का गुस्सा फूटना लाजमी है।