पार्टी को ऐसे अध्यक्ष की जरूरत है जो ऊर्जावान हो और सभी को साथ लेकर चल सके - ज्योतिरादित्य सिंधिया

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का कहना है कि पार्टी को ऐसे अध्यक्ष की जरुरत है, जो ऊर्जावान हो और सबको साथ लेकर चल सके। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ये बात एक दिवसीय प्रवास पर भोपाल के राजाभोज एयपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। लोकसभा चुनाव के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया पहली बार भोपाल आए हैं। श्री सिंधिया ने आगे कहा कि नए अध्यक्ष को राहुल गांधी के बताए मार्ग पर भी चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समय कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए सभी लोगों को एकसाथ कार्य करने की आवश्यकता है। बातों ही बातों में सिंधिया ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा को जब सत्ता सही तरीके से नहीं मिल पाती, तो वह दूसरे तरीके अपनाने लगती है। यही वजह है कि कर्नाटक के बाद गोवा का घटनाक्रम सामने आ रहा है। हालाकि उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार रहेगी और भाजपा यहां अपने उद्देश्यों में सफल नहीं हो पाएगी। इसके उपरांत श्री सिंधिया विधानसभा में कार्यवाही देखने पहुंचे। आज मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सिंधिया को लंच पर आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान श्री सिंधिया की संगठन में बदलाव और निगम मंडलों में होने वाली नियुक्तियों पर चर्चा हो सकती है। अधिकृत जानकारी के अनुसार श्री सिंधिया शाम को वीआईपी गेस्ट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट के घर डिनर में शामिल होंगे। जहां मुख्यमंत्री कमलनाथ भी मौजूद होंगे। इसके अलावा रात्रि भोज में सरकार के मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल रहेंगे। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भोपाल से बाहर होने के चलते इन कार्यक्रमों में शामिल नहीं होंगे। गौरतलब है कि इससे पहले सिंधिया समर्थक मंत्रियों की मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया के यहां हुई ‘डिनर डिप्लोमेसी’ में सरकार में उनकी सुनवाई न होने पर नाराजगी जताई थी तथा कैबिनेट की बैठक में भी सिंधिया और कमलनाथ समर्थक मंत्री आमने-सामने हो गए थे।