मोदी सरकार का आम बजट महज जुमला है - दिग्विजय सिंह

इंदौर/ग्वालियर। मोदी सरकार का आम बजट महज जुमला है। ये बात पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने आज इंदौर प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जीडीपी लगातार गिरती जा रही है और किसानों की आय दोगुना करने का दावा भी खोखला है। दिग्विजय सिंह ने पेट्रोल और अल्कोहल को जीएसटी में शामिल करने की सिफारिश करते हुए कहा कि जीएसटी की दर एक या दो होनी चाहिए। आकाश विजयवर्गीय को नोटिस जारी होने के मामले में दिग्विजय सिंह का कहना है कि इस मामले में कुछ नहीं होगा, प्रज्ञा को भी सिर्फ नोटिस देकर मामला ठंडा हो गया था। आगे उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश विजयवर्गीय पर तंज कसते हुए कहा कि जो संस्कार कैलाश विजयवर्गीय ने अपने बच्चे को दिए हैं उन्हें ही आकाश आगे बढ़ा रहे हैं। कैलाश विजयवर्गीय ने भी आईपीएस अफसर को जूता दिखाया था, बीजेपी की कथनी और करनी में फर्क है। राहुल गांधी के अध्यक्ष पद छोड़ने को लेकर दिग्विजय सिंह बोले कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस जमीन की लड़ाई लड़ेगी। वहीं कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के सवाल को दिग्विजय सिंह ने टाल दिया। ( साभार : टीवी न्यूज चैनल )