चेम्बर के प्रतिनिधिमंडल ने डीजी से की सौजन्य भेंट, सर्राफा कारोबारियों के साथ ट्रेनों में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

ग्वालियर। ट्रेनों में सर्राफा कारोबारियों के साथ चोरी की बढ़ती वारदातों के मामले में प्रभावी कार्यवाही की जाने की मांग को लेकर आज चेम्बर ऑफ कॉमर्स के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुरानी छावनी थाना परिसर में पुलिस महानिदेशक विजय कुमार सिंह से सौजन्य भेंट की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उक्त जानकारी चेम्बर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पिछले चार माह में ट्रेनों में सर्राफा कारोबारियों का करीबन ढाई करोड़ रुपये का माल पार किया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने श्री सिंह से आशंका जताते हुए कहा कि ट्रेनों में कोई गिरोह सक्रिय है, जो सर्राफा कारोबारियों को निशाना बना रहा है। बाबजूद इसके पुलिस ने अब तक इन मामलों को गंभीरता से नहीं लिया है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि इन मामलों की जांच एक विशेष टीम से कराई जाए। विज्ञप्ति अनुसार ज्ञापन देने वालों को पुलिस महानिदेशक ने भरोसा दिलाया है कि सभी चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। इससे पहले नगर प्रवास पर आए पुलिस महानिदेशक का चेम्बर पदाधिकारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। ज्ञापन देने वालों में चेम्बर के अध्यक्ष-विजय गोयल, संयुक्त अध्यक्ष-प्रशांत गंगवाल, उपाध्यक्ष-पारस जैन, मानसेवी सचिव-डॉ. प्रवीण अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव-ब्रजेश गोयल एवं कोषाध्यक्ष-वसंत अग्रवाल शामिल थे ।