स्टिंग ऑपरेशन करने वाली महिला एसडीएम के तबादले का आश्वासन मिलने के बाद डॉक्टरों ने ली अपनी हड़ताल वापस

ग्वालियर। जीआर मेडिकल कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ प्रतिभा गर्ग के स्टिंग ऑपरेशन किये जाने और 9 घंटे तक उन्हें थाने में बैठाये रखे जाने से नाराज होकर बीते शाम डॉक्टर्स हड़ताल पर चले गए थे। आज हड़ताल के बीच जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चली 5 घंटे की मैराथन बैठक के बाद नाराज डॉक्टरों को मना लिया गया। तब जाकर कहीं हड़ताल खत्म हो सकी। हड़ताली डॉक्टरों के मुताबिक उनकी सभी मांगे मान लिए जाने के बाद हड़ताल वापस ली जा रही है। वहीं कलेक्टर ने शहर के डॉक्टर्स को देश का सर्वश्रेष्ठ डाक्टर्स करार देते हुए आपसी सामंजस्य स्थापित होने की बात कही है।
 
आज यानी रविवार सुबह से ही इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के बैनर तले जयारोग्य अस्पताल डेरा डाले बैठे डॉक्टर्स को जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी मनाने पहुंच गए। जनप्रतिनिधियों में सत्तारूढ़ कांग्रेस विधायक मुन्नालाल गोयल और विधायक प्रवीण  पाठक शामिल थे तो जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से एडीएम संदीप केरकट्टा, सीईओ शिवम वर्मा व् एडिशनल एसपी सतेंद्र सिंह तोमर पहुंचे थे।  धरना स्थल पर हड़ताली डॉक्टर्स ने जनप्रतिनिधियों और जिला एवं पुलिस प्रशासन के उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों को जमकर कोसा। विधायक मुन्नालाल गोयल ने डॉक्टरों को भगवान बताया तो विधायक प्रवीण पाठक ने परिवार का सदस्य। हड़ताली डॉक्टर्स ने जैसे ही जनप्रतिनिधियों से सुलह की बात सुनी तो वे भड़क गए। डॉक्टर्स की मांग थी की एसडीएम दीपशिखा भगत को निलंबित किया जाए। बात बनती ना देख दोनों जनप्रतिनिधि और अधिकारी धरना स्थल से चले गए।  इससे पहले गहमा-गहमी के माहौल में तय किया गया कि डॉक्टर्स अपने प्रतिनिधि मंडल के साथ डीन डॉ. भरत जैन के चेंबर में पहुंचे, ताकि सौहार्द पूर्ण वातावरण में बात की जा सके। हड़ताली डॉक्टर्स एक पैदल रैली के रूप में जेएएच कैम्पस से गजराराजा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। धरना स्थल पर सुलह के लिए किए गए प्रयासों के बीच हड़ताली डॉक्टर्स को सम्बोधित करते हुए विधायक प्रवीण पाठक ने कहा की मंत्री जी डीन साहब से बात करना चाहतीं हैं लेकिन मोबाईल रिसीब नहीं किया जा रहा है।  साथ ही बताया कि इस पूरे घटनाक्रम से मंत्री चिकित्सा शिक्षा को अवगत नहीं कराया गया है जो हैरानी की बात है। विधायक प्रवीण पाठक की बात सुनने के बाद माना जाने लगा की बात नहीं बनने पर हड़तालियों को समझाने के लिए तथा सुलहवार्ता के लिए शासन ने डीन को आगे किया गया है। बैठक जीआर मेडिकल कॉलेज के मीटिंग हॉल में करीबन सवा बजे शुरू हुई। बैठक में दोनों विधायकों के अलावा कलेक्टर अनुराग चौधरी, प्रभारी एसपी अमन सिंह राठौर समेत जिला प्रशासन के अधीनस्थ अधिकारी व डॉक्टर्स संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे। करीबन एक घण्टा बीत जाने के बाद बैठक लम्बी खिचने से गुस्साए डॉक्टर्स ने मीटिंग हॉल के बाहर हंगामा कर दिया। इतना ही नहीं कलेक्टर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बैठक के आरंभ में मीडियाकर्मियों को मीटिंग हॉल से बाहर कर दिया गया। ऐसे में स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि किन बिंदुओं पर चर्चा की जा रही है और दोनों पक्षों का क्या रुख है। इसी बीच करीबन दोपहर 3 बजे आईएमए की जिला इकाई के अध्यक्ष डॉ. नीरज शर्मा मीटिंग हॉल से बाहर आये और हड़ताली डॉक्टर्स को एक अलग कमरे में ले गए। डॉ. नीरज शर्मा ने बैठक में तय शर्तों की जानकारी हड़ताली डॉक्टर्स को दी, डॉक्टर बैठक में तय शर्तों पर सुलह करने को तैयार नहीं थे। लिहाजा डॉ. नीरज शर्मा को स्पष्ट कर दिया गया कि प्रशासन उनकी सभी मांगे मानें अन्यथा हड़ताल जारी रहेगी। हड़तालियों की नाराजगी देख उन्हें मनाने के लिए कुछ समय के अंतराल पर दो और बैठके अलग -अलग कमरों में आयोजित कीं गईं।। इससे पहले बात बनती ना देख कलेक्टर और प्रभारी एसपी आधीनस्थ अधिकारियो के साथ डीन के चैंबर में पहुंच गए। तब तक डॉक्टर्स के सब्र का बाँध टूटने लगा था, मामला कल तक टाले जाने की बातें होना शुरू हो गईं। डॉक्टर्स किसी भी सूरत में प्रशासनिक अधिकारियों की बात सुनने को तैयार नहीं थे। इसी बीच एक बार फिर से मोर्चा विधायक प्रवीण पाठक ने संभाला। इस बार प्रवीण ने आईएमए जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज शर्मा को साथ लेकर सुलह के प्रयास किये। जो आईएमए के पूर्व पदाधिकारी और सीनियर डॉक्टर डॉ. के एस भल्ला और मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल की सहायता से कारगर रहे। दोनों पक्षों ने डीन चैंबर से बाहर आकर हड़ताल खत्म किये जाने की घोषणा की।  
 
पत्रकारों से बातचीत में कलेक्टर अनुराग चौधरी ने कहा कि शहर के डॉक्टर्स देश के सर्वश्रेष्ठ डॉक्टर हैं। साथ ही कहा कि आगामी कार्यवाही आपसी सामंजस्य से की जाएगी, जिसमें डॉक्टरों ने आश्वस्त किया है उनका सहयोग करेंगे। इसी तरह डॉक्टरों के बीच संवाद हीनता की स्थिति को दूर करने के लिए कलेक्टर ने मंगलवार 2 जुलाई को कलेक्ट्रेट में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन व डॉक्टरों के संगठनों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया है ताकि अन्य मुद्दों पर बातचीत हो सके। 
 
इस मौके पर आईएमए के जिला इकाई के अध्यक्ष डॉ. नीरज शर्मा ने हड़ताली डॉक्टर्स की जीत बताते हुए कहा कि प्रशासन ने स्वीकारा है कि डॉ. प्रतिभा गर्ग पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। आगे उन्होंने कहा कि स्टिंग ऑपरेशन करने वाली एसडीएम दीपशिखा भगत का तबादला किये जाने पर बैठक में सहमति बनी है, इसीलिये हड़ताल खत्म की जाती है। डॉ. शर्मा ने डॉ. प्रतिभा गर्ग के साथ हुई घटना को दुखद बताया और सभी मांगे मान लिए जाने की बात कहते हुए हड़ताल खत्म किये जाने की अधिकृत घोषणा की। 
 
फिलहाल इस बैठक में तय किया गया है कि महिला डॉक्टर के स्टिंग मुद्दे की गहन जांच के लिए एडीएम और एडिशनल एसपी के नेतृत्व में एक जांच कमेटी गठित कर दी गई है। जो इस मुद्दे की बारीकी जांच कर निष्कर्ष निकालेगी। खैर डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म हो गई है लेकिन अब भी डॉ. प्रतिभा गर्ग को 9 घण्टे तक थाने में बैठाए रखने की वजह साफ नहीं हो सकी है। ऐसे में कलेक्टर का शहर के डाक्टर्स को सर्वश्रेष्ठ बताना वाकई में उनकी तारीफ करना है या तंज कसना आगामी दिनों में एडीएम व एडिशनल एसपी की गहन जांच रिपोर्ट के साथ ही साफ हो सकेगा।