विधायक आकाश विजयवर्गीय का बल्ले से निगम अधिकारी पर हमला, सोशल मीडिया पर हो रहा वीडियो वायरल, विधायक समर्थकों ने लगाया अधिकारी पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप, गृह मंत्री ने कहा विधायक के खिलाफ होगी कड़ी कार्यवाही
इंदौर/भोपाल/ग्वालियर। इंदौर भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक नगर निगम अधिकारियों की क्रिकेट के बल्ले से पिटाई करते देखे जा रहे हैं। बताया जा रहा है आज गंजी कंपाउंड स्थित जर्जर मकान तोड़ने जब नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी पहुचे थे, तभी आकाश ने उन पर क्रिकेट के बल्ले से हमला कर दिया। जबकि विधायक समर्थकों का कहना है निगम अधिकारी ने महिला से छेड़छाड़ कर दी थी, इसके बाद लोगों को गुस्सा आ गया। सूत्रों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार्रवाई रोकने को लेकर विधायक अधिकारियों पर दबाव बना रहे थे। बताते हैं गहमा-गहमी के बीच विधायक समर्थकों ने भी निगमकर्मचारियों को पीटा और निगम की गाड़ियां तोड़ दीं। घटना के बाद तीन थानों के पुलिस बल के साथ सीएसपी मौके पर पहुच गए हैं। वहीं वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश के गृह मंत्री बाला बच्चन को भी मामले की जानकारी मिल गई। भोपाल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए गृह मंत्री ने कहा है कि विधायक आकाश विजयवर्गीय के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।