बिहार: जिनके बच्चे AES से मरे, पुलिस ने उन पर ही दर्ज की एफआईआर
ग्वालियर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एनएच-22 से होकर जाएंगे। इस सूचना पर सड़क किनारे स्थित गांव के लोगों ने घेराव कर दिया। पुलिस ने घेराव के करने वाले 19 लोगों को नामजद और 20 अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक्यूट इन्सेफेलाइटिस सिंड्रोम यानी चमकी बुखार से पीड़ित लोगों से मिलने मुजफ्फरपुर जाने वाले थे। हरिवशंपुर गांव के लोगों को लगा था कि नीतीश कुमार सड़क के रास्ते जाएंगे, इसी उम्मीद में लोगों ने उस रास्ते को जाम कर दिया। लेकिन प्रशासन को यह नागवार गुजरा। पुलिस ने हरिवंशपुर गांव के 19 लोगों पर मामला दर्ज किया है इसमें 4 लोग ऐसे भी हैं, जिनके बच्चे चमकी बुखार से मरे हैं। 18 जून को भगवानपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। वहीं कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट करके केंद्र की मोदी सरकार बिहार की नीतीश सरकार पर तंज कसा है। यहां बता दें, हरिवंशपुर गांव में भी 7 बच्चे चमकी बुखार से मरे थे। 18 जून को जिस दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिमागी बुखार के मरीज़ों का हाल जानने के लिए मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा करने गए थे। टोले वालों ने अपने यहां की समस्याओं मसलन पीने का पानी, बुखार से इलाज की व्यवस्था की मांग के साथ विरोध प्रदर्शन किया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एनएच-22 से होकर जाएंगे, इसी को देखते हुए सड़क किनारे स्थित गांव के लोगों ने रोड का घेराव कर दिया था। पुलिस ने रोड घेराव के कारण ही 19 नामजद और 20 अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यहां के निवासी सुरेश कहते हैं, 'हम लोग तो पहले से पीड़ित हैं जबकि पुलिस कहती है कि हमने रोड जाम किया, इसलिए केस किया गया है, हम क्या करें! कोई तो हमें देखने आता नहीं है। हम लोगों ने सोचा कि मुख्यमंत्री इस रास्ते से जाएंगे तो उनको रोककर अपना हाल सुनाएंगे। लेकिन वो हेलिकॉप्टर से गए.' पुलिस ने राजेश सहनी, रामदेव सहनी, उमेश मांझी और लल्लू सहनी के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया। इनके बच्चों की मौत भी चमकी बुखार से हुई है। कई लोग पुलिस के डर से गांव के बाहर रह रहे हैं। उधर, कांग्रेस ने बिहार में बच्चों की मौत को लेकर राज्य की भाजपा-जदयू सरकार पर निशाना साधते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि बच्चों की ‘हत्या' के लिए डबल इंजन वाली सरकार जिम्मेदार है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ‘भाजपा की डबल इंजन की सरकार व कुशासन बाबू की बिहार सरकार ही मुजफ्फरपुर में सैकड़ों बच्चों की हत्या के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। विशेष पोषण कार्यक्रम में बजट घटाकर आधा कर दिया गया और अनुसूचित जाति व जनजातियों के बच्चों के बजट में भारी कटौती की गई।