प्रदेश में बिजली सरप्लस में है इसलिए विद्युत की दरें न बढाई जाएं - चेम्बर
ग्वालियर। म.प्र. की विद्युत वितरण कंपनियों द्बारा म.प्र. विद्युत नियामक को वर्ष २०१९-२० के लिए टैरिफ पिटीशन प्रस्तुत की हैं। टैरिफ पिटीशन पर सुझाव/आपत्ति नियामक आयोग द्बारा आमंत्रित की गई हैं। म.प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्बारा नियामक आयोग को अपने सुझाव/आपत्तियां आज प्रेषित की गईं। जिनमें मांग की गई है कि म.प्र. में बिजली सरप्लस में है और प्रदेश द्बारा कम दरों पर अन्य राज्यों को बिजली विक्रय की जा रही है| इस सरप्लस बिजली का लाभ प्रदेश के उपभोक्ताओं को मिले, इसके लिए प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली सस्ती दरों पर उपलब्ध कराई जाए| चेम्बर अध्यक्ष विजय गोयल, संयुक्त अध्यक्ष प्रशांत गंगवाल, उपाध्यक्ष पारस जैन, मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव ब्रजेश गोयल एवं कोषाध्यक्ष वसंत अग्रवाल द्बारा संयुक्त रूप से प्रेस को जारी विज्ञप्ति में अवगत कराया गया है कि चेम्बर ने विद्युत नियामक आयोग को प्रेषित आपत्ति में कहा है कि प्रदेश में बिजली की दरें वर्तमान में समीपवर्ती प्रदेशों से अधिक हैं, इसलिए वर्तमान दरों में वृद्घि न की जाए तथा प्रदेश में औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने के लिए आवश्यक है कि वर्तमान विद्युत दरों को कम किया जाए। इससे प्रदेश में नवीन निवेश आयेगा, नवीन औद्योगिक इकाईयां स्थापित होंगी। जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा और प्रदेश खुशहाल बन सकेगा।