बिग ब्रेकिंग ; कमलनाथ कैबिनेट की बैठक में सिंधिया समर्थक मंत्री बिफरे, सीएम से हुई बहस

भोपाल/ग्वालियर। सूबे की सियासत में शायद ऐसा पहली बार हुआ होगा, जब कैबिनेट की बैठक में मंत्री अपने ही मुख्यमंत्री से उलझ गए होंगे। सूत्रों की मानें तो इस गहमागहमी की वजह विभागों में हस्तक्षेप करने को लेकर हुई चर्चा बताई जा रही है। इतना ही नहीं अगर सूत्रों की मानें तो पता चला है ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक कैबिनेट मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर के साथ सभी सिंधिया समर्थक मंत्रियों ने एक सुर में मुख्यमंत्री की इस मंशा को भांपते हुए तीखे तेवर दिखाए हैं। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार कैबिनेट की बैठक में आज मंत्री प्रद्युमन सिंह ने तीखे स्वर में कहा सुनिये सीएम साहब, ऐसे नही चलेगा। इसके जवाब में सीएम कमलनाथ भी बोले, मैं सब जानता हूँ किसके कहने पर कर रहे हो| वहीं मुख्यमंत्री की तरफ से मंत्री सुखदेव पांसे ने मंत्रियों को फटकार लगाई और कहा कि क्या ऐसे बात की जाती है मुख्यमंत्री से| इसके बाद सिंधिया समर्थक मंत्री प्रद्युमन सिंह के समर्थन में आ गए| एक तरफ जहां विपक्ष के हमले से सरकार परेशान है तो दूसरी तरफ सरकार को अपने ही मंत्रियों को साधना मुश्किल हो रहा है। नतीजतन, मुख्यमंत्री निशाने पर हैं। यहां बता दें कि मंत्रिमंडल विस्तार और कई मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाए जाने की भनक लगते ही हाल ही में सिंधिया समर्थक मंत्रियों ने एक बैठक की थी, जिसमे रणनीति बनी थी| माना जा रहा है इसी रणनीति के बाद आज कैबिनेट में जमकर बवाल हुआ| जब सिंधिया एवं दिग्विजय सिंह समर्थक 2-2 मंत्रियों से इस्तीफा लिए जाने की अटकलें शुरू हुई तो सिंधिया समर्थक मंत्री सक्रिय हो गए और दिल्ली में सिंधिया के साथ बैठक की। दिल्ली के बाद भोपाल में भी मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया के आवास पर सिंधिया समर्थक मंत्रियों की बैठक होने की सूचना है। सूत्रों के मुताबिक बैठक के बाद जो चर्चा बाहर निकलकर आई उसके अनुसार सिंधिया समर्थक मंत्रियों ने तय कर लिया है कि अगर किसी एक से इस्तीफा मांगा जाता है तो सभी इस्तीफा दे देंगे। अब यह बात जब मुख्यमंत्री के पास पहुंची तो वह मामले को फिलहाल शांत करने एवं विरोध को ठंडा करने में जुट गए हैं। इस बीच कैबिनेट में मंत्रियों की भड़ास खुलकर सामने आ गई और सीएम के साथ मंत्रियों की बहस हुई, जिससे प्रदेश की सियासत गरमा गई है|