सिर्फ सरकार नहीं, समाज को करना होगी बेटियों की रक्षा - शिवराज सिंह चौहान

भोपाल। जब-जब भी देश पर संकट आया है, कोई न कोई आंदोलन खड़ा हुआ है। चाहे वो राजनीतिक हो, धार्मिक हो या सामाजिक हो। बेटियों को बचाने के लिए भी एक सामाजिक आंदोलन की जरूरत है। यह काम सरकार अकेली नहीं कर सकती। हमारी सरकार ने बेटी बचाओ अभियान चलाया था, अब बेटियों को बचाने के लिए समाज को ऐसा ही अभियान चलाना होगा। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष श्री शिवराजसिंह चौहान ने शनिवार को मानस भवन में आयोजित धार्मिक, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के ‘बेटी बचाओ’ पर आयोजित संयुक्त सम्मेलन के दौरान कही। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेटी बचाओ पर आयोजित यह कार्यक्रम पूरे देश में एक नए आंदोलन का सूत्रपात करेगा।