20 हज़ार की रिश्वत लेते सहायक सचिव को लोकायुक्त ने रंगेहाथ पकड़ा
ग्वालियर। लोकायुक्त पुलिस ने शिवपुरी जिले की करैरा ग्राम पंचायत टोड़ा की सहायक सचिव सीमा यादव को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा है। लोकायुक्त ने यह कार्यवाही सीमा के घर पर की है। पुलिस अब सीमा पर भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्यवाही कर रही है।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति अनुसार फरियादी रचना यादव ने एसपी लोकायुक्त से शिकायत की थी कि करैरा ग्राम पंचायत टोड़ा की सहायक सचिव सीमा यादव ने सनकुआ चेक डेम मामले को फीड करने के एवज में 60 हज़ार रुपये की रिश्वत मांगी है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद आज विधिवत ढंग से कार्यवाही करते हुए रचना यादव को पहली किस्त का 20 हज़ार रुपया देने सीमा यादव पैतृक निवास पर भेजा गया। जहां रकम लेते ही लोकायुक्त पुलिस ने सीमा को रंगेहाथ पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस सीमा यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्यवाही कर रही है।