पॉलीथिन प्रतिबन्ध शहर में बेअसर, गिरवाई में धड़ल्ले से संचालित हो रहीं हैं निर्माता फैक्ट्रियां
ग्वालियर। शहर में पॉलीथिन के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान मात्र दिखावा साबित हो रहा है। अगर कार्यवाहियों की बात करें तो छोटे दुकानदारों के प्रतिष्ठानों पर कार्यवाही कर अफसर इतिश्री कर लेते हैं, जबकि बड़ी मात्रा में गिरवाई क्षैत्र में पॉलीथिन बनाने की फैक्ट्रियां धड़ल्ले से संचालित हो रहीं हैं। वहीं जिम्मेदार अधिकारी ऐसी फैक्ट्रियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही का भरोसा जरूर दिला रहे हैं। साथ ही स्वीकार रहे हैं कि पॉलीथिन निर्माता फैक्ट्रियां संचालित हो रहीं हैं।
उल्लेखनीय है कि पॉलीथिन का उपयोग प्रतिबंधित कर दिया गया है। बाबजूद इसके बड़ी मात्रा में शहर के प्रतिष्ठानों पर पॉलीथिन की सप्लाई की जा रही है। हैरानी की बात है कि यह सप्लाई शहर के दूसरे छोर पर स्थित गिरवाई क्षैत्र में फैक्ट्रियों में बनाई जा रही अमानक पॉलीथिन की है। अगर बात करें पॉलीथिन के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान की तो लम्बे अंतराल के बीच इक्का-दुक्का कार्यवाही सामने आतीं हैं, जिनमें छोटे दुकानदारों को निशाना बनाकर पॉलीथिन जब्ती और जुर्माना आदि का दिखावा किया जाता है। अपुष्ट सूत्रों की मानें तो गिरवाई क्षैत्र में पॉलीथिन निर्माता फैक्ट्री संचालक रसूखदार हैं और सफेदपोश एवं अधिकारियों से सांठ-गांठ करके कार्यवाही टलवा लेते हैं। इस बारे में जब नगर निगम अपर आयुक्त नरोत्तम भार्गव से बात की गई तो उन्होंने भी स्वीकारा की पॉलीथिन पूर्णतय प्रतिबंधित है और गिरवाई क्षैत्र में पॉलीथिन निर्माता फैक्ट्रियां संचालित हो रहीं हैं, जिनके खिलाफ जल्दी ही कड़ी कार्यवाही की जावेगी। इस बारे में जब नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग अधिकारी आंनद कुमार से बात की गई तो उन्होंने ने टालमटोल भरे अंदाज में कहा कि पॉलीथिन के खिलाफ कार्यवाही सिर्फ स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी कार्यवाही करना चाहिए। श्री कुमार के अनुसार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कुछ मापदण्ड हैं जिनके अनुरूप कार्यवाही की जाती है। नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जल्दी ही ऐसी फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। इस बारे में जब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी एन बी सिंह से बात की गई तो उन्होंने शहर से बाहर होने की बात कहकर मोबाइल काट दिया। कुलमिलाकर पॉलीथिन के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान दृढ़ इच्छा शक्ति के आभाव में दम तोड़ रहा है। ऐसे में जरूरत है नियमित कार्यवाही के साथ साथ पॉलीथिन निर्माता फैक्ट्रियों पर पाबन्दी लगाए जाने की।