प्री मानसून की दस्तक के साथ लोगों ने ली राहत की सांस
ग्वालियर। शहर में प्री मानसून की दस्तक के साथ लोगों ने राहत की सांस ली है। पिछले दिनों पारा 47 डिग्री सेल्सियस तापमान उगलने के बाद करीबन 8 डिग्री सेल्सियस गिरा। मौसम विज्ञानी अनुसार अरब सागर में गहरा रहे चक्रवाती तूफान वायु का असर ग्वालियर चम्बल संभाग के वातावरण पर पड़ा है। नतीजतन बुधवार सुबह से ही बादल छाए रहे, रात करीबन ढाई बजे हल्की बारिश हुई और सुबह करीबन साढ़े पांच बजे दोबारा हुई बूंदाबांदी से लोगों ने राहत महसूस की। अनुमान है कि गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है। यहां बता दें पिछले दिनों रिकॉर्ड तापमान दर्ज किए जाने के बाद बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री दर्ज किया गया।