पानी की समस्या को लेकर आरामिल के लोगों ने फिर किया चक्काजाम, मंत्री की भी नहीं सुनी, लिखित आश्वासन के बाद हो सका ट्रैफिक बहाल
ग्वालियर। कैबिनेट मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर के निज निवास के पीछे ही पानी की इतनी किल्लत है कि लोग बेहाल हैं। पिछले 72 घण्टों में दो दफा चक्काजाम कर लोगों ने अपनी समस्या से मंत्री और अधिकारियों को अवगत कराया। लेकिन समस्या का हल होता ना देख बुधवार को पुनः चक्काजाम कर धरना दिया गया। इस दौरान धरना स्थल पर पहुचे मंत्री की समझाइश के बाद भी जब गुस्साए लोगों ने उनकी बात नहीं मानी तो पीएचई अफसरों को मौके पर पहुचकर लिखित आश्वासन देना पड़ा। ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक और कमलनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर वार्ड 17 के रहवासी हैं। वार्ड के क्षेत्रीय नागरिक प्रमोद सिंह राठौर के मुताबिक आरामिल इलाके में पिछले डेढ़ माह से पानी की परेशानी है। कई दफा मंत्री, पार्षद व सबंधित विभाग के अफसरों को समस्या से वाकिफ कराने के बाद भी जब निराकरण नहीं हुआ तो दोबारा चक्काजाम करना पड़ा। पहले गुस्साई भीड़ ने पाताली हनुमान मंदिर पर जाम लगाया और उसके बाद लोग तानसेन रोड चौराहे पहुचकर रास्ता रोककर सड़क पर बैठ गए। पानी के लिए मच रहे हाहाकार से परेशान मंत्री श्री तोमर धरना स्थल पहुचे। लोगों को समझाइश दी, लेकिन बात नहीं बनी। आनन फानन में पीएचई के कार्यपालन यंत्री आरएन करईया धरना स्थल पहुचे, लिखित आश्वासन दिया, तब जाकर चक्काजाम बहाल हो सका। आंदोलनकारियों में सर्वाधिक महिलाएं शामिल थीं। जो मंत्री की मौजूदगी में उन पर वादाखिलाफी का आरोप लगा रहीं थी। धरना देने वालों में क्षेत्रीय रहवासी प्रमोद सिंह राठौर के अलावा वीर सिंह, गंभीर सिंह, अजीत सिंह व भरत सिंह समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं।