महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थल पर गंदगी से उपजा राजपूतों में असंतोष, उद्यान प्रभारी की दबंगई को लेकर सोशल मीडिया पर जताई जा रही जमकर नाराजगी
ग्वालियर। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी राजपूत समाज से जुड़े संगठन महाराणा प्रताप जयंती मनाने की जोरशोर से तैयारी कर रही है। मगर नगर निगम के उद्यान प्रभारी की कार्यप्रणाली के चलते राजपूतों में काफी आक्रोश है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अगर सोशल मीडिया की मानें तो महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थल पर गंदगी का ढेर लगा है और निगमायक्त के निर्देश दिए जाने बाद भी समस्या जस की तस बनी है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 6 जून 2019 को राजपूत हितकारिणी सभा एवं महाराणा प्रताप जन्मोत्सव समिति के तत्वाधान में महाराणा प्रताप जयंती मनाई जाएगी। माल्यार्पण कार्यक्रम गोले का मंदिर स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर 6 जून को आयोजित किया जाएगा। किंतु प्रतिमा स्थल पर सफाई व्यवस्था में कोताही बरतने को लेकर सोशल मीडिया पर नगर निगम के उद्यान प्रभारी मुकेश बंसल के खिलाफ राजपूतों का जमकर गुस्सा फूट रहा है। राजपूत हितकारिणी सभा के सह सचिव और राजपूत छात्रावास के अधीक्षक श्री भरत सिंह भदौरिया ने अपनी फेसबुक वॉल पर एक पोस्ट की है। इस पोस्ट में निगमायुक्त श्री संदीप माकिन को लिखी चिट्ठी और महाराणा प्रताप की जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान प्रतिमा स्थल पर मिली गंदगी की तस्वीरें वायरल की गईं हैं। अगर पोस्ट पर भरोसा करें तो निगमायुक्त को लिखी चिट्ठी 27 मई की है, जिसमें उद्यान प्रभारी मुकेश बंसल को निगमायुक्त ने तत्काल प्रभाव से कार्यवाई किये जाने को लेकर निर्देशित किया गया है। बाबजूद इसके प्रतिमा स्थल पर गंदगी का अंबार लगा है। इसी को लेकर राजपूतों में बेहद नाराजगी है। क्षत्रिय महासभा से जुड़े लोग बंसल के खिलाफ कार्यवाही की मांग कर रहे हैं और उन्हें अपने कॉमेंट में दबंग बता रहे हैं। अगर इस पोस्ट पर यकीन करें तो हैरानी की बात है कि उद्यान प्रभारी, निगमायुक्त के निर्देश का भी पालन नहीं करते नजर आ हैं। क्योंकि 27 मई को निर्देशित किये जाने के बाबजूद 1 जून तक उनके निर्देशों पर अमल नहीं किया गया है। इस बारे में जब उद्यान प्रभारी मुकेश बंसल से सीधा संवाद न्यूज़ पोर्टल ने मोबाइल पर सम्पर्क करना चाहा तो वे उपलब्ध नहीं हो सके। सूत्रों की मानें तो कार्यक्रम आयोजकों ने अपनी नाराजगी से निगमायुक्त को अवगत करा दिया है। वहीं निगमायुक्त ने आश्वासन दिया है कि कार्यक्रम से पहले हर हाल में प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण करा दिया जाएगा। ऐसे में सवाल ये उठता है कि उद्यान प्रभारी ने निगमायुक्त से निर्देश मिलने के बाद भी उन पर अमल क्यों नहीं किया।