भाजपा विधायक उषा ठाकुर के गोडसे को राष्ट्रवादी कहने के विरोध में कांग्रेस का मौन धरना
ग्वालियर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में गांधी प्रतिमा के नीचे मौन धरना दिया जा रहा है। कांग्रेस ये प्रदर्शन महू से भाजपा विधायक उषा ठाकुर द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को राष्ट्रवादी कहे जाने के विरोध में कर रही है।
ज्ञात हो कि इंदौर की महू विधायक उषा ठाकुर ने बुधवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को राष्ट्रवादी बताया था। इसी के विरोध में आज शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में पार्टीजन फूलबाग उद्यान स्थित गांधी प्रतिमा के नीचे मौन धरना दे रहे हैं। सीधा संवाद से बातचीत में जिलाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा ने बताया कि कांग्रेस महू विधायक के इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा करती है और भाजपा नेताओं की सदबुद्धि के लिए मौन धरना दे रही है। धरना देने वालों में जिलाध्यक्ष के अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता बाल खांडे, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आंनद शर्मा, लतीफ खान, सुरेंद्र शर्मा, राकेश यादव, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टीजन उपस्थित हैं।