वार्डो का परिसीमन गलत है, बदलकर ही निगम चुनाव कराएं - कांग्रेस
ग्वालियर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने कलेक्टर अनुराग चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान शिष्ट मण्डल ने कलेक्टर से आग्रह किया कि आगामी नवम्बर माह में होने जा रहे नगर निगम परिषद के चुनाव को ध्यान में रखकर विधि सम्मत वार्डों का परिसीमन कराया जाए। क्योकि वर्तमान में वार्डों की परिसीमन व्यवस्था में खामी है। उन्होंने नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 के तहत परिसीमन कराकर की ही मतदाता सूचियों को बनाया जाने की बात कही। साथ ही इसके बाद ही वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही की जाये। ज्ञात रहे कि वर्तमान में लगभग 17 वार्ड ऐसे हैं। जिनकी जनसंख्या औसत से कम हैं और 23 वार्ड ऐसे हैं जिनकी जनसंख्या औसत से कहीं अधिक है। केवल 26 वार्ड ही विधि सम्मत है ओर कई वार्डों की भौगोलिक सीमा बहुत बड़ी एवं दूर-दूर है। जबकि निगम विधान की धारा 10 के अनुसार वार्डों की जनसंख्या समान होना चाहिये। विधान अनुसार मात्र 15% का अंतर मान्य किया जा सकता है। किंतु सभी वार्ड एक दूसरे से संबद्ध (कॉम्पेक्ट) जुड़े हुए होना चाहिये। कांग्रेस के शिष्टमंडल ने कलेक्टर से कहा कि उपरोक्त विसंगतियां दूर करने के बाद ही मतदाता सूचियां बनाई जायें और दावे आपत्ति के बाद ही मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन किया जाए। तदुपरांत वार्डों के आरक्षण की कार्यवाई कर निष्पक्ष एवं निगम विधान की भावनाओं के अनुरूप नगर निगम के वार्डों के चुनाव कराए जायें। इस दौरान शिष्ट मण्डल का कहना था कि यदि आवश्यक हो तो वार्डो की संख्या 66 से बढ़ाकर 70 भी की जा सकती है।
कांग्रेस के शिष्टमंडल में जिला अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा के अलावा कांग्रेस पार्षद दल प्रभारी आनंद शर्मा, नेता प्रतिपक्ष कृष्णराव दीक्षित,उपनेता प्रतिपक्ष चतुर्भुज धनोलिया एवं विगत निगम चुनावों में विधि विरुद्ध किये गए परिसीमन के खिलाफ माननीय उच्च न्यायालय में याचिका लगाने वाले कांग्रेस नेता राजेश बाबू शामिल थे।