मंत्री इमरती देवी ने पीसीसी की कमान सिंधिया को सौंपने की सिफारिश की
ग्वालियर। लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त खाने के बाद विपक्ष में हड़कंप मचा है। हर कोई हार के पीछे अलग-अलग वजह बता रहा है। कहते हैं ना, जितने मुंह उतनी बातें। यही कहावत यहां चरितार्थ हो रही है। इसी बीच मध्यप्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया की हार को लेकर बड़ा बयान दिया है। इमरती देवी ने कहा है कि विकास के मसीहा ज्योतिरादित्य की हार की वजह में ईवीएम में गड़बड़ी भी हो सकती है। साथ ही उन्होंने मध्यप्रदेश कांग्रेस की कमान ज्योतिरादित्य सिंधिया के हाथों सौंपने की सिफारिश करने की बात कही है। इमरती देवी ने आगे कहा कि जयोतिरादित्य को मध्यप्रदेश कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। इस संबंध में वे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मांग करेंगी। उन्होंने कहा है कि ग्वालियर, गुना, मुरैना और भोपाल में कांग्रेस प्रत्याशी की हार गले नहीं उतर रही है। वहीं, कांग्रेस ने शनिवार को अपने सभी अध्यक्षों और पदाधिकारियों की बैठक भी बुलाई है। जिसमें शामिल होने वे आज रात भोपाल रवाना होंगी। गौरतलब है कि गुना सीट से कांग्रेस उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया को निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा उम्मीदवार डॉ केपी यादव ने लगभग 1.5 लाख मतों से मात दी है। गुना सीट सिंधिया परिवार की परंपरागत सीट मानी जाती रही है, बावजूद इसके उन्हें यहां से हार का सामना करना पड़ा है।