कोल्ड स्टोर अग्नि पीड़ित व्यवसाईयों की बैठक सम्पन्न, पीड़ित व्यवसाईयों का शीघ्र भुगतान नहीं होने पर एसपी से भेंट करेगा चेम्बर
ग्वालियर। गणपति कोल्ड स्टोर के अग्नि पीड़ित व्यवसाईयों की एक अहम् बैठक चेम्बर ऑफ कॉमर्स में सम्पन्न हुई । उक्त बैठक में चेम्बर के पदाधिकारियों के साथ-साथ पीड़ित व्यवसाई बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।बैठक में उपस्थित पीड़ित व्यवसाईयों द्वारा कहा गया कि जब कोल्ड स्टोरेज में आगजनी की घटना घटित हुई थी, उससे पूर्व ही हमारे सामान को संचालक द्वारा बाहर निकाल लिया गया था। परन्तु हमें आज तक हमारे माल का भुगतान नहीं किया गया है। पीड़ित व्यवसाईयों द्वारा कोल्ड स्टोरेज के संचालक की नीयत पर सवाल खड़े गए और कहा गया यदि संचालक द्वारा हमारे माल का भुगतान शीघ्रातिशीघ्र नहीं किया जाता है, तो चेम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा संचालक के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। पीड़ित व्यवसाई दिलीप खण्डेलवाल ने बैठक में कहा कि संचालक के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज करानी चाहिए। मोहन जगवानी ने कहा कि संचालक के विरुद्ध उचित दबाव बनाए जाने की आवश्यकता है। ओमप्रकाश गुप्ता ने संचालक की मौजूदगी में चेम्बर में एक बैठक की जाने की माँग की। साथ ही बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सात दिन में सभी व्यवसाई अपने अपने माल का ब्यौरा रसीद की फोटो कॉपी सहित आवश्यक दस्तावेज चेम्बर को उपलब्ध कराएँ। अंत में बैठक की अध्यक्षता कर रहे चेम्बर अध्यक्ष विजय गोयल ने व्यवस्था दी कि कोल्ड स्टोर संचालक को सात दिन का समय दिया जाएगा और उनसे कहा जाएगा कि वह हमें यह बताएं कि पीड़ित व्यवसाईयों का भुगतान वह कैंसे करेंगे। यदि संचालक सात दिवस के अंदर संतोषजनक जवाब नहीं देते हैं, तो सभी पीड़ित व्यवसाई चेम्बर पदाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन से उनके कार्यालय में भेंट करेंगे और उन्हें पीड़ित व्यवसाईयों के दस्तावेंज सौंपेंगे। साथ ही वैधानिक पक्षों पर चर्चा की जाएगी और यदि इसके बावजूद भी संचालक द्वारा भुगतान नहीं किया जाता है, तो अंत में संचालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
आज की बैठक में चेम्बर अध्यक्ष विजय गोयल के अलावा संयुक्त अध्यक्ष प्रशांत गंगवाल, उपाध्यक्ष पारस जैन, मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव ब्रजेश गोयल एवं कोषाध्यक्ष वसंत अग्रवाल सहित कार्यकारिणी सदस्य श्याम कुमार बंसल, दीपक श्रीचन्द जैसवानी, राजेश बांदिल एवं ओमप्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पीड़ित व्यवसाई उपस्थित थे।