किसी को छेड़ेंगे नहीं और छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नही, घर में घुसकर मारेंगे - पीएम नरेंद्र मोदी
ग्वालियर। पीएम नरेंद्र मोदी ने आज कांग्रेस खासकर गांधी परिवार और मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर जबरदस्त हमला बोलते हुए कहा है कि किसी को छेड़ेंगे नहीं और छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं। ये नए हिंदुस्तान की नीति है घर में घुसकर मारेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेला ग्राउंड पर आयोजित विजय संकल्प जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि चार चरणों के चुनाव खत्म होने के बाद आया हूँ जिसमें कांग्रेस के साथी चारों खाने चित्त हो गए है। भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि आपके पड़ोस में टीकमगढ़ है जहां 2008 में नामदार, एक गरीब बहिन की झोपड़ी में पूरे ताम-झाम के साथ गए थे। खाना खाकर लौट आये पर उस गरीब के नमक का कर्ज नहीं चुकाया। कर्ज हमने चुकाया है। 2014 में उस गरीब बहिन को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसे पक्का मकान मिला है। मोदी यहीं नहीं रुके उन्होंने मीडिया के हवाले से एक रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि अमेठी के एक अस्पताल में नामदार ट्रस्टी हैं। एक गरीब आयुष्मान योजना के तहत कार्ड लेकर अपना इलाज कराने गया था लेकिन उसका इलाज करने से मना कर दिया गया। जिससे उसकी मौत हो गई है। आगे उन्होंने कहा कि मोदी का अस्पताल नहीं है। ये लोग गरीबों के प्रति कितने असंवेदनशील है इससे पता चलता है। मोदी में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जहां कांग्रेस की सरकारें हैं वहां आयुष्मान भारत योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र ने प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर हमला करते हुए कहा कि आपके शहर में जो बड़े बड़े होर्डिंग न्याय-न्याय का राग अपाल रहे हैं वे बच्चो का निवाला छीनकर उनके पैसों से लगाए गए हैं। मोदी ने साफ कर दिया है किसी को छेड़ेंगे नहीं और छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं। ये नए हिंदुस्तान की नीति है घर में घुसकर मारेंगे।