भीषण गर्मी से बेहाल बुजुर्ग किसान का सिर पोंछते और कान बांधते सिंधिया का हुआ वीडियो वायरल
शिवपुरी/ग्वालियर। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया का आज एक 46 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखने के बाद लोग उनकी जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। ये वीडियो शिवपुरी के लालगढ़ गांव में आयोजित एक चुनावी सभा का बताया जा रहा है। पता चला है आज शिवपुरी के लालगढ़ में दोपहर करीबन एक बजे सिंधिया को एक आमसभा को संबोधित करना था। यहां तेज धूप के बाबजूद झुलसा देने वाली गर्मी में लोग उन्हें सुनने पहुचे थे। इसी भीड़ में एक वृद्ध किसान भी बैठा था। पता चला है कि गर्मी के चलते उसे चक्कर आने लगे हैं। भीड़ ने उस बुजुर्ग को घेर लिया। सिंधिया की जैसे ही उस पर नजर पड़ी, भीड़ को चीरते हुए उसके पास जा पहुचे। सिंधिया ने पहले उसे हाथ का सहारा देकर उठाया, फिर भींगे कपड़े से उसका सिर पोंछा और सहलाया। अपने हाथों से उसके कान बांधे, हालचाल पूछे और आगे बढ़ गए। कांग्रेस नेता के अपनेपन को देखकर लोग अब उनके इस अंदाज की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।